अपडेटेड 23 May 2024 at 22:44 IST

राजस्थान में गर्मी का प्रकोप, बाड़मेर में 48.8 डिग्री पर पहुंचा तापमान, लू लगने से 5 लोगों की मौत

मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को बाड़मेर सबसे अधिक गर्म रहा जहां अधिकतम तापमान 48.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

Follow : Google News Icon  
 Five people died allegedly due to heat stroke in Rajasthan
Five people died allegedly due to heat stroke in Rajasthan | Image: ANI

Heat stroke : राजस्थान में भीषण गर्मी ने सामान्य जनजीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डाला है और कथित तौर पर लू लगने (हीट स्ट्रोक) से पांच लोगों की मौत की सूचना है। मौसम विभाग के अनुसार बाड़मेर में बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 48.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो इस गर्मी के मौसम में सबसे अधिक है।

अधिकारियों ने बताया कि खैरथल जिले में पांच मोर मृत मिले हैं। मौसम विभाग ने अनेक जिलों में भीषण गर्मी की चेतावनी यानी ‘रेड अलर्ट’ जारी किया हुआ है।

बाड़मेर में 48.8 डिग्री सेल्सियस पहुंचा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को बाड़मेर सबसे अधिक गर्म रहा जहां अधिकतम तापमान 48.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

Advertisement

कहां कितना रहा तापमान?

फलौदी में अधिकतम तापमान 48.6 डिग्री, फतेहपुर में 47.6 डिग्री, जैसलमेर में 47.5 डिग्री, जोधपुर में 47.4 डिग्री, जालौर में 47.3 डिग्री, कोटा में 47.2 डिग्री, चूरू में 47 डिग्री, डूंगरपुर में 46.8 डिग्री, बीकानेर में 46.5 डिग्री, श्रीगंगानगर में 46.1 डिग्री, भीलवाड़ा में 46 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Advertisement

विभाग के अनुसार राज्य के अन्य इलाकों में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस से लेकर 42.2 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। वहीं बीती रात राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस से लेकर 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार फलौदी में बीती रात तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 8.8 डिग्री अधिक है। राज्य के अन्य स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया है। राज्य में कथि तौर पर लू लगने के कारण पांच लोगों की मौत हो गई।

एक महिला सहित 5 लोगों की मौत

जालोर जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रमा शंकर भारती ने बताया कि आज अलग-अलग स्थानों से एक महिला सहित चार लोगों को जालोर जिला अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने बताया कि उनकी मौत पहले ही हो चुकी थी।

उन्होंने कहा, ‘‘संभवत: लू लगने के कारण मौत हुई होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।’’

उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को एक महिला कमला देवी (40), दो अन्य चूना राम (60), पोपट राम (30) और एक अज्ञात व्यक्ति को लाया गया जिनकी मौत पहले ही हो चुकी थी।

वहीं बालोतरा जिले के पचपदरा थाना क्षेत्र में बुधवार को बाड़मेर रिफाइनरी में काम करने वाले दो युवक सहिंदर सिंह (41) और सुरेश यादव बेहोश हो गये जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि सहिंदर सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई, वहीं सुरेश यादव का उपचार जारी है।

गर्मी के कारण 5 मोर भी मृत पाए गए

खैरथल जिले के इस्माइलपुर गांव में पांच मोर मृत पाए गए और इसका कारण अत्यधिक गर्मी बताया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के लोगों को इस भीषण गर्मी से अभी राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। आगामी 72 घंटों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में और दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।

वहीं अगले पांच दिन राज्य के अनेक स्थानों पर तीव्र लू चलने और कहीं-कहीं उष्ण रात्रि का दौर जारी रहेगा। विभाग ने इसके लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।

इसे भी पढ़ें : छत्तीसगढ़: सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 7 नक्सलियों को मार गिराया, इस साल अब तक 112 ढेर

Published By : Deepak Gupta

पब्लिश्ड 23 May 2024 at 22:24 IST