Haryana Nikay Chunav: हरियाणा में नायब सिंह सैनी की अग्नि-परीक्षा; 6 महीने का काम क्या निकाय चुनाव में कर पाएगा कमाल?
हरियाणा के राज्य चुनाव आयोग ने 7 नगर निगमों, 4 नगर परिषदों और 21 नगर समितियों के लिए आम चुनावों की घोषणा की है। सुबह 8 बजे से मतदान हो रहा है।
- भारत
- 2 min read

Haryana Local Body Elections 2025: हरियाणा के निकाय चुनाव मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के लिए अग्निपरीक्षा जैसे हैं। स्थानीय निकाय चुनाव भले बिना सिंबल के लड़े जा रहे हैं, लेकिन इसमें स्पष्ट तौर पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला है। लगभग 6 महीने में दूसरी बार हरियाणा के भीतर वोटिंग है। अक्टूबर 2024 में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हुआ, जिसमें जनता ने नायब सिंह सैनी पर भरोसा जताया। 6 महीने बाद 2 मार्च 2025 यानी आज हो रहे निकाय चुनाव में इतना तय है कि नायब सिंह सैनी को देखकर पर ही जनता वोट करेगी।
हरियाणा स्थानीय निकाय चुनाव के लिए मतदान रविवार को शुरू हो गया। सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग चलेगी। 7 नगर निगमों के सभी वार्डों के महापौर और सदस्यों, 4 नगर परिषदों और 21 नगर पालिकाओं के सभी वार्डों के अध्यक्षों और सदस्यों के आम चुनाव के लिए चुनाव हो रहे हैं।इसके अलावा नगर परिषद सोहना (गुरुग्राम), नगर पालिका असंध (करनाल) और नगर पालिका इस्माइलाबाद (कुरुक्षेत्र) में अध्यक्ष की 3 सीटों के लिए उपचुनाव हो रहे हैं।
मनोहर लाल खट्टर ने वोट डाला
नगर निगम चुनाव के दौरान मतदान केंद्र के बाहर मतदाताओं की कतार लगी हुई है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को करनाल में चल रहे हरियाणा स्थानीय निकाय चुनावों में अपना वोट डाला। खट्टर ने मतदाताओं से आगे आकर मतदान करने का आग्रह किया। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा, 'ये हर नागरिक का अधिकार है और उन्हें अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करना चाहिए। मैं सभी मतदाताओं से आगे आकर मतदान करने की अपील करता हूं। मैंने कभी भी अपना वोट डालना नहीं छोड़ा।'
नगर निगम चुनाव कहां-कहां?
हरियाणा के राज्य चुनाव आयोग ने 7 नगर निगमों, 4 नगर परिषदों और 21 नगर समितियों के लिए आम चुनावों की घोषणा की है। फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार, करनाल, रोहतक और यमुनानगर समेत 7 प्रमुख नगर निगमों में मतदान हो रहा है। पानीपत नगर निगम के लिए 11 मार्च को होगा। परिणाम 12 मार्च को घोषित किए जाएंगे। इसके अलावा 21 नगर समितियों में चुनावी मुकाबला हुआ, जिनमें अंबाला में बरारा, भिवानी में बवानी खेड़ा, सिवानी और लोहारू, फतेहाबाद में जाखल मंडी और गुरुग्राम में फर्रुखनगर शामिल हैं।