'गाड़ी में सवार 4 लोग नशे में धुत होकर आपत्तिजनक इशारे कर रहे थे, मेरी बहन सदमे...', गुरुग्राम हिट एंड रन मामले पर बाइकर सिया के भाई का आया बयान
रविवार को गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर जिस महिला की दोपहिया गाड़ी को पीछे से एक कार ने टक्कर मारी थी, अब उस युवती के भाई और पिता की प्रतिक्रिया आई है। भाई का आरोप है कि कार में चार सवार लोग नशे में धुत थे। इस घटना के बाद बहन सदमे से गुजर रही है।
- भारत
- 3 min read

Gurugram hit-and-run case: गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड से तेज रफ्तार के खौफनाक तांडव का वीडियो देखने को मिला, जहां एक बेकाबू कार ने बाइक सवार महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि महिला सड़क पर दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई।
रविवार के इस घटना के बाद सोमवार को तब नया मोड़ आया जब, गुरुग्राम पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया और आरोपी कार ड्राइवर के ख़िलाफ FIR दर्ज कर ली है। अब घायल महिला सिया के भाई ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए बताया कि "गाड़ी में चार नशे में धुत लोग सवार थे" और सिया "सदमे जैसी स्थिति" से गुजर रही है।
सिया ने एक दिन बाद परिवार को घटना के बारे में बताया
घायल महिला सिया के भाई ने बताया कि यह घटना कल सुबह हुई थी और उन्होंने अपने माता-पिता को इसके बारे में नहीं बताया था। उन्होंने कहा कि उनकी बहन ने पहले घटना के बारे में कुछ नहीं बताया और बाद में बताया कि यह 'हिट एंड रन' का मामला था। उन्होंने यह भी बताया कि कोई व्यक्ति उसका पीछा कर रहा था और अभद्र इशारे कर रहा था।
भाई ने आगे कहा 'आपने वीडियो देखा होगा, वह उन्हें दूरी बनाए रखने का इशारा कर रही थी। फिर भी, उन्होंने अपनी गाड़ी का शीशा नीचे किया और बहुत अपमानजनक इशारे किए। गाड़ी में चार लोग थे और वे सभी नशे में थे। उसने मुझे यह बात बताई। यह घटना सुबह 7:30 से 8:00 बजे के बीच हुई। वह सदमे जैसी स्थिति से गुज़र रही है।
Advertisement
पीड़िता के पिता ने घटना के बारे में क्या कहा?
पीड़िता के पिता ने कहा मुझे एक्सीडेंट के बारे में जब पता चला तो यह रात की बात नहीं थी; यह दिन में हुआ। हम खुशकिस्मत हैं कि हमारी बेटी को अधिक चोट नहीं आई। मैंने बेटी से पूछा 'अगर ऐसी घटना हुई थी, तो तुमने हमें क्यों नहीं बताया? घर आने पर तुम्हें हमें बताना चाहिए था। मैं खुद जाकर FIR दर्ज कराता।
पुलिस ने दर्ज की FIR
गुरुग्राम पुलिस ने पहले ही गोल्फ कोर्स रोड पर हुई इस घटना का स्वतः संज्ञान ले लिया था और सेक्टर-56 पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कर ली है। गुरुग्राम के असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) अभिलक्ष जोशी ने बताया कि "14 सितंबर को हमारे सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ने एक वीडियो देखा जिसमें एक चार-पहिया वाहन ने पीछे से दो-पहिया वाहन चला रही महिला को टक्कर मारी। यह घटना गोल्फ कोर्स रोड पर हुई थी; गुरुग्राम पुलिस ने संबंधित महिला से संपर्क किया है और स्वतः संज्ञान लेते हुए गुरुग्राम के सेक्टर-56 पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की है।"