Gurugram: घर के बाहर भाई के साथ खेल रही थी 2 साल की मासूम, मौत बनकर आई बेकाबू कार ने बेरहमी कुचला, VIDEO देख कांप जाएगा कलेजा
साइबर सिटी के सेक्टर-5 की एक रिहायशी गली में दो साल की एक बच्ची को अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने बेरहमी कुचल दिया। घटना का दिल दहला देने वाला CCTV भी सामने आया है।
- भारत
- 3 min read
गुरुग्राम के सेक्टर-5 क्षेत्र में बुधवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने महज दो साल की मासूम बच्ची को कुचल दिया। इस हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सन्नाटा छा गया और पीड़ित परिवार सदमे में है। घटना का दिल दहला देने वाला CCTV भी सामने आया है। पुलिस आरोपी कार चालक की तलाश में जुटी है।
साइबर सिटी के सेक्टर-5 की एक रिहायशी गली में दो साल की अधिराज तिवारी घर के बाहर अपने भाई के साथ खेल रही थी। तभी एक तेज रफ्तार कार वहां पहुंची और बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। यह घटना बच्ची की मां के सामने घटी। टक्कर की आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सड़क पर लहूलुहान पड़ी बच्ची को देखकर परिवार के होश उड़ गए।
मौके पर ही बच्ची ने तोड़ा दम
आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खैरियत रही कि पास खड़ा उसका भाई बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वह सेक्टर-5 का ही रहने वाला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
CCTV देख कांप जाएगा कलेजा
घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वीडियो में बच्ची अपने भाई के साथ सड़क पर खेलती नजर आ रही है। बच्चे अपनी ही धुन में मगन थे, तभी वहां से गुजर रही एक अनियंत्रित कार काल बनकर आई। जब तक कोई कुछ समझ पाता या बच्चों को वहां से हटा पाता, बेकाबू कार ने मासूम बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया और रौंदते हुए आगे निकल गई। इस खौफनाक हादसे में बच्ची को गंभीर चोटें आईं और उसने दम तोड़ दिया।
Advertisement
आरोपी कार चालक फरार
मृतक बच्ची के पिता वीरेंद्र तिवारी ने घटना के संबंध में बताया, “मेरी बेटी घर के सामने ही खेल रही थी। जिस गाड़ी से एक्सीडेंट हुआ, वही व्यक्ति पांच मिनट पहले गाड़ी में बैठकर गया था। पांच मिनट बाद वह वापस आया और सीधा बच्ची पर कार चढ़ा दी। बच्ची की दो सेकंड में ही मौत हो गई, वह कुछ बोल तक नहीं बोल पाई।” सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपी ड्राइवर की पहचान कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार कार चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।