होली से पहले दिल्लीवालों को मिली सौगात, महिलाओं के खाते में आएंगे रुपये, सिलेंडर भी मुफ्त
दिल्लीवासियों के लिए आज का दिन किसी उत्सव से कम नहीं है। होली के रंगों के आने से पहले ही दिल्ली सरकार ने खुशियों का पिटारा खोल दिया है। मुख्यमंत्री आज राज्य में चार प्रमुख योजनाओं का आधिकारिक शुभारंभ कर रहे हैं, जिसका सीधा और बड़ा फायदा सीधे तौर पर दिल्ली के निवासियों को मिलने जा रहा है।
- भारत
- 3 min read

रंगों के त्योहार होली से ठीक पहले दिल्ली सरकार ने दिल्ली वासियों के लिए विशेषकर महिलाओं और बेटियों के लिए सौगातों का पिटारा खोल दिया है। इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित होने वाले एक भव्य समारोह में देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कर-कमलों द्वारा दिल्ली सरकार की चार बड़ी योजनाओं का विधिवत शुभारंभ और कार्यान्वयन किया जा रहा है।
इन योजनाओं के माध्यम से न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है, बल्कि सरकार अपने चुनावी वादों को भी पूरा कर रही है। आइए जानते हैं क्या हैं ये चार बड़ी सौगातें।
लाडली योजना के तहत बेटियों के खातों में आएंगे पैसे
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित द्वारा शुरू की गई ऐतिहासिक 'लाडली योजना' को एक बार फिर संजीवनी मिली है। पूर्व में इस योजना के लाभार्थियों को लाभ मिलने में आ रही अड़चनों को दूर करते हुए, केंद्र सरकार की 'मेरी पूंजी मेरा अधिकार' योजना के अंतर्गत आज 40 हजार से अधिक पात्र बेटियों के बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर की जा रही है। गौरतलब है कि इस योजना के तहत रजिस्टर्ड बालिकाओं को सरकार की ओर से 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जो उनके भविष्य को सुरक्षित करने में सहायक है।
DTC बसों में महिलाओं के लिए 'पिंक कार्ड' का तोहफा
दिल्ली सरकार की महिला सशक्तिकरण की नीति के तहत, महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन में आत्मनिर्भर बनाने के लिए आज से 'पिंक कार्ड' जारी किए जा रहे हैं। इस कार्ड के माध्यम से दिल्ली की महिलाएं DTC बसों में बिल्कुल मुफ्त और सुरक्षित सफर कर सकेंगी। यह पहल महिलाओं की मोबिलिटी को बढ़ाने और उन्हें दफ्तर या अन्य कार्यों के लिए आवागमन में आर्थिक राहत देने में बड़ी भूमिका निभाएगी।
होली पर मुफ्त सिलेंडर का वादा पूरा
दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान किया गया एक बड़ा वादा आज हकीकत बन रहा है। सरकार होली और दीपावली के अवसर पर महिलाओं को मुफ्त गैस सिलेंडर प्रदान कर रही है। इस योजना के अंतर्गत आज 17.5 लाख लाभार्थियों के खातों में 129 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की जा रही है, ताकि वे बिना किसी आर्थिक बोझ के त्योहार मना सकें।
Advertisement
ये भी पढ़ें - Lunar Eclipse 2026: 2:16 AM पर साल का पहला पूर्ण चंद्र ग्रहण, लाल होगा चांद ; जानें कब और कहां-कहां दिखेगा
लखपति बिटिया योजना' की शुरुआत
बेटियों के उज्ज्वल भविष्य और उनकी शिक्षा को सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली सरकार 'लखपति बिटिया योजना' की शुरुआत कर रही है। यह योजना विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बेटियों के लिए वरदान साबित होगी। इस योजना के तहत, बच्ची के जन्म से लेकर ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी होने तक, सरकार अलग-अलग चरणों में कुल एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करेगी। आपको बता दें कि पुरानी 'लाडली योजना' 31 मार्च 2026 को बंद हो जाएगी, और 1 अप्रैल 2026 से इसका स्थान पूरी तरह से नई और उन्नत 'लखपति बिटिया योजना' ले लेगी।