Goa Night Club Fire: सिर झुकाया, हाथ जोड़कर माफी मांगी... कोर्ट में फूट-फूटकर रोए लूथरा ब्रदर्स, परिवार के सामने पहुंचे तो कैसा था हाल?
Goa Night Club Fire: लूथरा ब्रदर्स को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। इस दौरान दोनों फूट-फूटकर रोते नजर आए।
- भारत
- 2 min read

Goa Night Club Fire: गोवा नाइट क्लब अग्निकांड के मुख्य आरोपी लूथरा ब्रदर्स (सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा) को मंगलवार को थाईलैंड से डिपोर्ट कर भारत लाया गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड होते ही दोनों को औपचारिक तौर पर गिरफ्तार कर लिया गया।
थाइलैंड से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद गोवा नाइटक्लब के मालिक लूथरा ब्रदर्स को पटियाला हाउस अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान दोनों भाई कथित तौर पर फूट-फूटकर रोने लगे। इस दौरान उनका परिवार भी मौजूद था। अपने परिवार को देख दोनों की आंखें नम हो गईं।
हाथ जोड़ माफी मांगते दिखे?
इसी बीच जब मीडिया ने सौरभ-गौरव से सवाल किया कि क्या उन्हें पछतावा है, तो जवाब में उन्होंने हाथ जोड़ लिए। सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें गोवा पुलिस को दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
गोवा के बिर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब में 6 दिसंबर को आग लगने से 25 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मरने वालों में अधिकतर कर्मचारी और टूरिस्ट शामिल थे।
Advertisement
फुकेत भाग गए थे दोनों भाई
घटना के बाद दोनों भाइयों (सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा) के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और लापरवाही के आरोप लगाए गए थे। इसके कुछ घंटों बाद ही सौरभ और गौरव थाईलैंड के फुकेत भाग गए थे। ऐसे में इंटरपोल का 'ब्लू कॉर्नर' नोटिस जारी किया गया और उनके पासपोर्ट रद्द कर दिए गए।
थाईलैंड अधिकारियों ने हिरासत में लिया
भारत सरकार के अनुरोध पर थाईलैंड के अधिकारियों ने फुकेत में दोनों भाइयों को हिरासत में लिया था। फिलहाल पूरे अग्निकांड की गहनता से जांच की जा रही है। जांच की रिपोर्ट आने के बाद आग लगने के कारणों का पता चल पाएगा।