गोवा नाइट क्लब अग्निकांड में सबसे बड़ा अपडेट, देश छोड़कर भागे क्लब के मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा
गोवा के अर्पोरा स्थित बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में 7 दिसंबर, 2025 की आधी रात को लगी आग ने 25 लोगों की जान ले ली। क्लब के मालिक सौरभ लूथरा और उनके भाई गौरव लूथरा पर लापरवाही का आरोप है। घटना के तुरंत बाद दोनों दोनों भाई देश छोड़कर फरार हो गए हैं।
- भारत
- 2 min read

Goa Club Fire Accident : उत्तर गोवा के अर्पोरा इलाके में स्थित लग्जरी नाइट क्लब 'बर्च बाय रोमियो लेन' के मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा देश छोड़कर फरार हो गए हैं। इस क्लब में 7 दिसंबर, 2025 की आधी रात आग लगने से 25 लोगों की जान चली गई, जिसमें पर्यटक भी शामिल हैं।
क्लब के मालिक सौरभ लूथरा और उनके भाई गौरव लूथरा पर लापरवाही का आरोप है। क्लब के मालिक दोनों भाइयों पर गैर-इरादतन हत्या का आरोप है। खबर है कि दोनों घटना के तुरंत बाद दिल्ली से थाईलैंड के फुकेट (Phuket) की फ्लाइट लेकर भाग गए। गोवा पुलिस ने उनकी दिल्ली स्थित संपत्तियों पर छापा मारा, लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया गया और जल्द गिरफ्तारी के इंटरपोल से मदद मांगी गई है।
IndiGo की फ्लाइट से फरार
दोनों पर क्लब में फायर सेफ्टी उपकरणों की कमी और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप है। घटना के महज कुछ घंटों बाद ही दोनों आरोपी फरार हो गए। जांच एजेंसियों ने पाया कि 7 दिसंबर की सुबह 5:30 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से IndiGo फ्लाइट 6E 1073 पर सवार होकर वे थाईलैंड के फुकेट पहुंच चुक गए। यह फ्लाइट दिल्ली से सीधे फुकेट के लिए थी।
इंटरपोल से मांगी मदद
गोवा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन (BOI) से लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी करवाया। इससे पहले, एक विशेष टीम दिल्ली पहुंची और दोनों भाइयों के ठिकानों पर छापेमारी की। लेकिन दोनों के गायब होने पर कानूनी धाराओं के तहत नोटिस उनकी संपत्तियों पर चस्पां कर दिए गए। मुंबई के ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन से मिली जानकारी के आधार पर फ्लाइट डिटेल्स सामने आईं, जिसने पुलिस को उनके फरार होने की पुष्टि कर दी।
Advertisement
अब गोवा पुलिस ने मामले को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाने का फैसला किया है। उन्होंने CBI के इंटरपोल डिवीजन से संपर्क कर दोनों भाइयों की तत्काल गिरफ्तारी के लिए सहयोग मांगा है। थाईलैंड अधिकारियों के साथ संपर्क की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।
लग्जरी नाइट क्लब 'बर्च बाय रोमियो लेन' के मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा दिल्ली के रहने वाले हैं और गोवा में उनके पास कई लग्जरी प्रॉपर्टीज हैं। इस घटना के बाद उनके दूसरे क्लब भी सीज कर दिए गए हैं। इस नाइट क्लब अग्निकांड में आग से 2 लोग और दम घुटने से 23 लोगों की मौत हुई है।