अपडेटेड 27 December 2024 at 11:14 IST

Manmohan Singh Death News: मनमोहन सिंह को PM मोदी-अमित शाह ने श्रद्धांजलि दी, राष्ट्रपति भवन पर झंडा झुका... 10 अपडेट्स

Manmohan Singh Death News: देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर उनके 3 मोतीलाल नेहरू मार्ग स्थित आवास पर रखा गया है।

Follow : Google News Icon  
Former PM Manmohan Singh passes away
Former PM Manmohan Singh passes away | Image: r bharat

Manmohan Singh Death News: देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर उनके 3 मोतीलाल नेहरू मार्ग स्थित आवास पर रखा गया है। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत के बेहतरीन अर्थशास्त्रियों में से मनमोहन सिंह का गुरुवार देर शाम दिल्ली एम्स में निधन हो गया। पूर्व वित्त मंत्री और 2 बार के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन से देशभर में शोक की लहर है। नम आंखों से लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

1932 में पंजाब में जन्मे मनमोहन सिंह 2004 से 2014 तक दो बार भारत के प्रधानमंत्री रहे। सदन में 33 साल की लंबी सेवा के बाद वे इस साल की शुरुआत में राज्यसभा से सेवानिवृत्त हुए। काफी समय से मनमोहन सिंह स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। गुरुवार शाम को उन्हें दिल्ली एम्स ले जाया गया था। जहां रात 9.51 मिनट पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

मनमोहन सिंह का निधन; 10 अपडेट

  1. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर फिलहाल उनके आवास पर रखा है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंच चुके हैं। पीएम मोदी यहां मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक के निधन पर शोक व्यक्त करता है। 
  2. गृह मंत्री अमित शाह पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके आवास पर पहुंच गए हैं। अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि आरबीआई के गवर्नर से लेकर वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर मनमोहन सिंह ने देश के शासन में अहम भूमिका निभाई। शाह ने एक्स पर एक पोस्ट में उनकी आत्मा की शांति और उनके परिवार को ये दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी।
  3. उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके आवास पर पहुंचेंगे। उपराष्ट्रपति ने अपनी प्रस्तावित जम्मू यात्रा टाल दी है। धनखड़ को श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित करना था।
  4. पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के बाद राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका दिया गया है। अलग-अलग राज्यों में भी प्रमुख इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुकाया गया है। 
  5. पूर्व पीएम डॉ मनमोहन सिंह के निधन के बाद दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय पर पार्टी का झंडा झुका दिया गया है।सूत्र बताते हैं कि मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर कल 28 दिसंबर को कांग्रेस मुख्यालय लाया जाएगा, जहां लोग उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। सूत्रों ने ये भी बताया कि उनका अंतिम संस्कार राजघाट के पास किया जाएगा।
  6. कांग्रेस पूर्व प्रधानमंत्री के सम्मान में अपने सारे कार्यक्रम रद्द कर चुकी है। अगले 7 दिनों के लिए पार्टी के स्थापना दिवस समारोह समेत सभी आधिकारिक कार्यक्रम रद्द रहेंगे। कांग्रेस ने शुक्रवार को कर्नाटक के बेलगाम में अपनी 'जय बापू, जय भीम, जय संविधान रैली' भी रद्द कर दी। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी के सभी कार्यक्रम 3 जनवरी 2025 को फिर से शुरू होंगे।
  7. मनमोहन सिंह के निधन पर केंद्र सरकार ने देशभर में 7 दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। इस अवधि के दौरान भारत में उन सभी स्थानों पर जहां राष्ट्रीय ध्वज नियमित रूप से फहराया जाता है वहां तिरंगा आधा झुका रहेगा। राष्ट्रीय शोक की अवधि के दौरान आधिकारिक रूप से कोई मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होंगे। अंतिम संस्कार के दिन विदेशों में स्थित सभी भारतीय दूतावासों और उच्चायोगों में भी राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।
  8. पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के सम्मान में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टेस्ट के दूसरे दिन बांह पर काली पट्टी बांध मैच खेला है। बीसीसीआई ने बयान में कहा कि भारतीय टीम पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की याद में, सम्मान के तौर पर बांह पर काली पट्टी बांध रही है।
  9. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के सम्मान में अपनी यात्रा रद्द कर दी है। बिहार मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से जानकारी दी गई कि नीतीश कुमार ने मनमोहन सिंह के निधन के कारण 27 और 28 दिसंबर को अपनी 'प्रगति यात्रा' रद्द कर दी।
  10. अमृतसर के स्थानीय लोगों ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया। अमृतसर के लोगों ने मनमोहन सिंह के साथ अपनी पिछली मुलाकातों और अनुभवों को याद किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि मनमोहन सिंह सांसद चुने जाने के बाद यहां आए थे। वो कई दशक पहले अमृतसर में रहते थे और उन्होंने यहीं से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की थी।

यह भी पढ़ें: तीन, मोतीलाल नेहरू रोड: 10 सालों तक रहा मनमोहन सिंह का आवास

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 27 December 2024 at 09:57 IST