Air India Plane Crash: विमान हादसे में गुजरात के पूर्व CM विजय रुपाणी का निधन
Vijay Rupani Death News: गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी फ्लाइट में सवार होकर लंदन जा रहे थे। वह दूसरी पंक्ति की सीट पर बैठे थे। अहमदाबाद में प्लेन क्रैश होने से हुए हादसे में वह बच नहीं सके।
- भारत
- 3 min read

Ahmedabad Air India Plane Crash: अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश से जुड़ी बड़ी और दर्दनाक खबर आ रही है। विमान में सवार गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी हादसे में नहीं बच सके। उनका निधन हो गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक विजय रूपाणी की पत्नी 6 महीने से लंदन में थीं। बताया जा रहा है कि उनको वापस लाने के लिए ही वो वहां जा रहे थे। इसके लिए वह एयर इंडिया की फ्लाइट AI 171 में सवार हुए थे। यह फ्लाइट आज (12 जून) दोपहर करीब 1.40 बजे टेक ऑफ के कुछ मिनटों बाद ही भयावह हादसे का शिकार हो गई।
लिस्ट में 12वें नंबर पर था विजय रूपाणी का नाम
हादसे के बाद विमान में सवार यात्रियों की एक सूची भी सामने आई थी, जिसमें विजय रूपाणी का नाम शामिल था। लिस्ट में उनका नाम 12वें नंबर पर नजर आया। पूर्व सीएम विमान में दूसरी पंक्ति की सीट पर सवार थे।
विमान में कई देशों के नागरिक थे सवार
242 यात्रियों को लेकर लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान अहमदाबाद एयरपोर्ट से टेक ऑफ के कुछ ही देर बाद भी हादसे का शिकार हो गया। विमान क्रैश करते हुए अहमदाबाद के मेघानीनगर इलाके के रिहायशी इलाके में गिरा। विमान में 169 भारतीयों समेत 53 ब्रिटिश, 7 पुतर्गाली और एक कनाडाई नागरिक भी सवार था। दर्दनाक हादसे में अबतक 100 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है।
विजय रूपाणी के परिवार में कौन-कौन?
विजय रूपाणी का जन्म 2 अगस्त 1956 को म्यांमार के येनगोन में हुआ था। उनकी मां का नाम मायाबेन और पिता रमनीकलाल रूपाणी है। विजय 7 भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं। साल 1960 में म्यांमार में राजनीतिक उथल-पुथल की वजह से उनका परिवार राजकोट आ गया और यही पर बस गया था। विजय रूपाणी ने गुजरात की सौराष्ट्र यूनिवर्सिटी से BA और LLB की पढ़ाई की है। उनकी पत्नी का नाम अंजलि रूपाणी हैं। वो BJP की महिला विंग की सदस्य हैं। उनका एक बेटा जो इंजीनियर है और एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। विजय रूपाणी के एक बेटे की मौत कार दुर्घटना में हुई थी।
Advertisement
2016 में बने थे गुजरात के मुख्यमंत्री
पढ़ाई के दौरान ही विजय रूपाणी ABVP से जुड़ गए थे। वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) में शामिल हो गए और बाद में 1971 में जनसंघ में शामिल हो गए। साल 1976 में इमरजेंसी के दौरान उन्हें 11 महीने की कैद हुई और उन्हें भुज और भावनगर की जेलों में भेजा गया। अपने राजनीतिक सफर के दौरान उन्होंने कई बड़े पदों की जिम्मेदारी उठाई। साल 2016 में विजय रूपाणी को गुजरात BJP का अध्यक्ष बनाया गया। 7 अगस्त 2016 को वो गुजरात के मुख्यमंत्री बने। 2017 में BJP ने गुजरात में चुनाव जीता और रूपाणी को फिर से सीएम पद का जिम्मा सौंपा। अक्टूबर 2021 में उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया, जिसके बाद BJP ने भूपेंद्र पटेल को सीएम बनाया। इसके अलावा विजय रूपाणी BJP की ओर से राज्यसभा सांसद भी रहे हैं।
यह भी पढ़ें: Ahmedabad Plane Crash: टेक ऑफ के समय हवा में अचानक बिगड़ा बैलेंस, आवाज के साथ गिरा विमान और जोर का धमाका, ताजा VIDEO