ISI संबंध विवाद: पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के खिलाफ यूएपीए के तहत FIR, CM हिमंता ने दिया बड़ा अपडेट

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस सांसद और उनकी ब्रिटिश मूल की पत्नी पर आरोप लगाए थे कि उनका आईएसआई से संबंध है।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Himanta Biswa Sarma
पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के खिलाफ यूएपीए के तहत FIR, CM हिमंता ने दिया बड़ा अपडेट | Image: PTI

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को कहा कि भारत के आंतरिक और संसदीय मामलों पर सोशल मीडिया पर की गईं कथित टिप्पणियों के लिए पुलिस ने पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इस तरह के आरोप हैं कि कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की ब्रिटिश मूल की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न के साथ शेख के घनिष्ठ संबंध हैं। पाकिस्तान योजना आयोग के सलाहकार और कोलबर्न के पूर्व सहयोगी शेख पर गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट में कहा, 'कल लिए गए मंत्रिमंडल के फैसले का पालन करते हुए असम पुलिस ने एक प्राथमिकी दर्ज की है। सीआईडी ने यूएपीए और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अली तौकीर शेख और अन्य अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।' असम मंत्रिमंडल ने रविवार को कांग्रेस सांसद या उनकी ब्रिटिश पत्नी के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं करने का फैसला किया था, लेकिन पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया था। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस सांसद और उनकी ब्रिटिश मूल की पत्नी पर आरोप लगाए थे कि उनका आईएसआई से संबंध है।

इस बीच, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) हरमीत सिंह ने कहा, 'कैबिनेट के निर्देश पर, सीआईडी ​​को मामला दर्ज करने के लिए कहा गया था और आज सुबह, सीआईडी ​​पुलिस थाने में यूएपीए और बीएनएस की धाराओं के तहत अली तौकीर शेख और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।' उन्होंने कहा कि जांच शुरू की गई है और पाया गया है कि शेख की गतिविधियां राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए हानिकारक हैं। डीजीपी ने कहा, 'जांच में यह भी देखा जाएगा कि क्या भारत के अंदर और बाहर, असम या शेष भारत में कोई और इसमें शामिल है।'

वहीं, मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि ब्रिटिश नागरिक होने के बावजूद भी कोलबर्न द्वारा तत्कालीन कालियाबोर निर्वाचन क्षेत्र में लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान में भाग लिया गया और इस संबंध में जांच करवाने के लिए राज्य सरकार केंद्र को पत्र लिखेगी। इस सीट से गोगोई दो बार जीते थे। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है, 'असम मंत्रिमंडल ने यह पता लगाने के लिए एक व्यापक जांच का भी निर्देश दिया है कि क्या ये गतिविधियां किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हैं तथा असम एवं भारत में ऐसे किसी भी समर्थक या सहयोगी की पहचान की जाए जो शेख के भारत विरोधी एजेंडे में सहायता कर रहे हों।'

Advertisement

असम और भारत में शेख के नेटवर्क की जांच की जा सकती है, देश में स्थित उन व्यक्तियों, संगठनों और सहयोगियों की जांच की जा सकती है जिन्होंने भारत के खिलाफ उसके कार्यों में सहायता की। जांच के लिए केंद्र की एजेसियों और विभागों से सहायता प्राप्त की जा सकती है। गोगोई ने शुक्रवार को कहा था कि भाजपा ने उन्हें और उनके परिवार को बदनाम करने की हर हद पार कर दी है। उन्होंने यह भी कहा कि वह इस मामले में उचित कानूनी कार्रवाई करेंगे।

यह भी पढ़ेंः 'मस्जिदों की सीढ़ियों के नीचे मंदिर खोजे जाने...', मौलाना का नया शिगूफा

Published By:
 Ravindra Singh
पब्लिश्ड