रणवीर, समय रैना और उसके दोस्तों पर FIR को लेकर असम पुलिस का बयान, बोली- 'हम सख्त से सख्त कदम उठाएंगे'
रणवीर इलाहाबादिया, समय रैना और उसके दोस्तों पर FIR को लेकर असम की गुवाहाटी पुलिस ने कहा कि इस मामले में हम सख्त से सख्त कदम उठाएंगे।
- भारत
- 2 min read

FIR Against Ranveer Allahbadia: समय रैना के कॉमेडी शो इंडिया गोट लेटेंट में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया के भद्दे कमेंट पर असम की पुलिस ने एक्शन लिया है। बता दें, गुवाहाटी में रणवीर अल्लाहबादिया के अलावा समय रैना आशीष चंचलानी समेत अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। FIR दर्ज करने के बाद पुलिस का बयान भी सामने आया है।
इस मामले को लेकर गुवाहाटी के संयुक्त पुलिस आयुक्त अंकुर जैन ने कहा, "हमें एक एफआईआर मिली है, जिसमें बताया गया है कि कैसे इन यूट्यूबर्स ने पिता, माता और बच्चे के रिश्ते पर टिप्पणी की है और कैसे उन्होंने बहुत ही अश्लील तरीके से इस अश्लील हरकत को यूट्यूब शो में पेश किया। इसलिए हमने एक FIR दर्ज की है। हम पहचान कर रहे हैं कि ये यूट्यूबर्स कौन हैं।"
इस मामले में सख्त से सख्त कदम उठाएंगे: असम पुलिस
उन्होंने कहा कि मुख्य होस्ट समय रैना थे और जिस व्यक्ति ने टिप्पणी की है, जो क्लिप में हैं, वो रणवीर इलाहाबादिया है। अन्य लोग भी वहां मौजूद हैं। हम उनकी पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं। हम इस मामले में सख्त से सख्त कदम उठाएंगे।
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, "आज गुवाहाटी पुलिस ने कुछ यूट्यूबर्स और सोशल इन्फ्लुएंसर्स, आशीष चंचलानी, जसप्रीत सिंह, अपूर्व मखीजा, रणवीर अल्लाहबादिया, समय रैना और अन्य के खिलाफ 'इंडियाज गॉट लेटेंट' नामक एक शो में अश्लीलता को बढ़ावा देने और यौन रूप से स्पष्ट और अश्लील चर्चा में शामिल होने के आरोप में FIR दर्ज की है।"
Advertisement
क्राइम ब्रांच ने मामला किया दर्ज
CM हिमंता ने आगे लिखा, "गुवाहाटी क्राइम ब्रांच ने साइबर पीएस केस संख्या 03/2025 के तहत बीएनएस 2023 की धारा- 79, 95, 294, 296 के साथ आईटी एक्ट, 2000 की धारा 67, सिनेमैटोग्राफ एक्ट 1952 की धारा 4/7 और महिलाओं के अभद्र चित्रण (निषेध) अधिनियम, 1986 की धारा 4/6 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल जांच चल रही है।"
मुंबई कमिश्नर-महिला आयोग में भी शिकायत दर्ज
मामले को लेकर यूट्यूबर रणवीर अलाहाबादिया, कॉमेडियन समय रैना और शो इंडियाज गॉट लैटेंट के आयोजकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले को लेकर मुंबई कमिश्नर और महाराष्ट्र महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई गई है और पत्र में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।