अपडेटेड 21 February 2024 at 20:52 IST

Farmers Protest: खनौरी बॉर्डर पर हिंसा में 12 पुलिसकर्मी घायल, अब किसान नेता ने किया सीजफायर का ऐलान

Farmers Protest: किसानों का दिल्ली कूच 2 दिनों के लिए टल गया है।

Follow : Google News Icon  
Farmers Protest
किसान आंदोलन | Image: ANI

Delhi News: किसानों का दिल्ली कूच 2 दिनों के लिए टल गया है। किसान नेता पंढेर ने 2 दिनों के लिए सीजफायर का ऐलान कर दिया है। किसान नेता का दावा है कि खनौरी बॉर्डर पर गोली लगने से एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई थी, जिसके बाद ये फैसला लिया गया है। किसानों के मुताबिक, 2 दिनों तक दिल्ली कूच नहीं किया जाएगा।

आपको बता दें कि इससे पहले खनौरी बॉर्डर पर किसानों ने पराली में मिर्च पाउडर डालकर पुलिसकर्मियों पर हमला किया है। हरियाणा पुलिस की ओर से जारी किए गए एक बयान के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने पथराव के साथ-साथ गड़ासे से पुलिसकर्मियों पर हमला किया। इसमें करीब 12 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

आंसू गैस के गोले छोड़े गए

इससे पहले हरियाणा पुलिस ने शंभू और खनौरी सीमाओं पर किसानों को अवरोधकों की ओर बढ़ने से रोकने के लिए बुधवार को उन पर आंसू गैस के गोले छोड़े।

फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कानूनी गारंटी देने की मांग कर रहे किसानों ने घोषणा की थी कि वे इस मुद्दे को हल करने के लिए किसानों के साथ चौथे चरण की वार्ता विफल होने के बाद बुधवार सुबह 11 बजे अपना प्रदर्शन फिर से शुरू करेंगे।

Advertisement

कुछ किसानों ने हरियाणा में अंबाला के समीप शंभू में कई चरणों में लगाए अवरोधकों की ओर बढ़ने की कोशिश की जिसके बाद पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। थोड़ी देर के विराम के बाद फिर ऐसी ही घटना हुई।

शंभू सीमा पर प्रदर्शन स्थल के ऊपर एक ड्रोन भी देखा गया।

Advertisement

पंजाब-हरियाणा सीमा पर खनौरी में भी ऐसी ही स्थिति देखी गयी जब हरियाणा पुलिस ने अवरोधकों की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे किसानों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के कई गोले छोड़े।

आंसू गैस के गोले छोड़े जाने के बाद अराजकता की स्थिति पैदा हो गयी और किसानों को इलाके में धुआं फैलने के कारण बचने के लिए इधर-उधर भागते देखा गया।

कई प्रदर्शनकारी किसानों को आंसू गैस से अपने आप को बचाने के लिए मास्क और चश्मा पहने हुए देखा गया।

किसान नेताओं ने किसानों से सीमा बिंदुओं पर शांति बनाए रखने को कहा है।

प्रदर्शनकारी किसानों ने सरकारी एजेंसियों द्वारा पांच साल तक दालें, मक्का और कपास एमएसपी पर खरीदने के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है।

हजारों किसानों ने 13 फरवरी को दिल्ली की ओर मार्च शुरू किया था। इन किसानों को हरियाणा सीमा पर ही रोक दिया गया था, जहां उनकी सुरक्षाकर्मियों से झड़प हुई थी। किसान तब से हरियाणा के साथ लगती पंजाब की सीमा पर शंभू और खनौरी बॉर्डर पर डेरा डाले हुए हैं।

संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा फसलों के लिए एमएसपी पर कानूनी गारंटी और कृषि कर्ज माफी समेत अपनी मांगों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर दबाव बनाने के लिए ‘दिल्ली चलो’ मार्च का नेतृत्व कर रहे हैं।

ये भी पढ़ेंः Farmers Protest: खनौरी बॉर्डर पर 24 साल के किसान की हुई मौत? अलग-अलग दावों की क्या है सच्चाई

(इनपुटः PTI)

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 21 February 2024 at 19:57 IST