किडनी दान कर बेटी गौरी ने दिया जीवन दान तो पूर्व IPS की आंखों से नहीं रुक रहे थे आंसू, बोले- बेटा पीठ दिखा दे, पत्नी भी लेकिन बेटी...
पूर्व IPS शिवदीप लांडे ने बेटी गौरी के किडनी दान देने पर दिल छू लेने वाला पोस्ट शेयर किया। पिता को नई जिंदगी देने वाली बेटी गौरी के इस निस्वार्थ समर्पण को देख शिवदीप भावुक हो उठे। उन्होंने लिखा कि बेटी ने मुझे नया जन्म दिया... पढ़ें पूरी कहानी।
- भारत
- 3 min read

Father daughter kidney transplant: पूर्व IPS अधिकारी शिवदीप वामनराव लांडे इन दिनों भावुक नजर आ रहे हैं। दरअसल उनकी बेटी गौरी ने पिता की जान बचाने के लिए अपनी एक किडनी दान की है। जिसको लेकर शिवदीप वामनराव लांडे ने सोशल मीडिया पर एक दिल छू लेने वाला पोस्ट लिखा। जिसे देखकर लोगों के आंसू छलक गए। लांडे, जिन्हें बिहार में ‘सिंघम’ के नाम से जाना जाता है, उन्होंने पोस्ट में लिखा- 'तुम्हारे एक निर्णय ने मुझे झकझोर कर रख दिया। अपने पिता को नया जीवन देने के लिए जब तुमने किडनी दान करने का संकल्प लिया, तो तुम्हारे निस्वार्थ समर्पण और जिद के आगे मैं नतमस्तक हूँ।'
शिवदीप वामनराव लांडे ने बताया कि पिछले तीन महीने में उनकी बेटी गौरी ने अकेले ही सारे मेडिकल टेस्ट, कागजी कार्यवाही और कानूनी प्रक्रिया संभाली। पिता बस मूक दर्शक बनकर देखते रहे। ट्रांसप्लांट के बाद मुंबई के एक अस्पताल के आईसीयू में बैठे पूर्व IPS अधिकारी शिवदीप वामनराव लांडे लिखते हैं कि, 'तुम्हारी आंखें बंद हैं गौरी, लेकिन तुम्हारा प्यार और त्याग हर पिता को सिखा रहा है कि बेटी ईश्वर का सबसे बड़ा आशीर्वाद होती है।'
बेटी ने किडनी देकर बचाई पिता की जिंदगी
पूर्व IPS अधिकारी शिवदीप वामनराव लांडे ने पोस्ट में यह भी कहा कि जीवन-मृत्यु के इस संघर्ष में रिश्तेदार छोड़ दें, लेकिन बेटी कभी पीठ नहीं दिखाती। शिवदीप लांडे अपनी सख्त और ईमानदार छवि के लिए मशहूर रहे हैं। बिहार पुलिस में सेवा के दौरान उन्होंने कई बड़ी कार्रवाइयां कीं। लेकिन आज उनकी यह पोस्ट दिखा रही है कि पिता-बेटी का रिश्ता कितना गहरा और निस्वार्थ हो सकता है।
बेटी के त्याग की सराहना
डॉक्टरों के मुताबिक, ऑपरेशन सफल रहा, पिता और बेटी दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। यह कहानी न सिर्फ परिवार के प्यार को दर्शाती है, बल्कि अंगदान के महत्व को भी दिखाती है। गौरी जैसे युवा आज कई परिवारों के लिए प्रेरणा बन गए हैं। लांडे का यह भावुक संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। देशभर के लोग बेटी के त्याग की सराहना कर रहे हैं। पिता-बेटी का यह रिश्ता साबित करता है कि प्यार कभी कमजोर नहीं होता, बल्कि अपने चाहें तो जिंदगी बचा सकते हैं।