Noida International Airport: जेवर एयरपोर्ट बदल देगा NCR का नक्शा... दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद को मिली डायरेक्ट हाई-स्पीड कनेक्टिविटी
Noida International Airport: जेवर एयरपोर्ट का पहला चरण तैयार हो गया है। यमुना एक्सप्रेसवे पर रणनीतिक रूप से बने इस एयरपोर्ट को सड़क, रेल, मेट्रो और बसों से सीधा जोड़ा जाएगा। खास बात ये है कि यहां के लिए दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद को डायरेक्ट हाईस्पीड कनेक्टिविटी दी गई है। जानें कैसे NCR की तस्वीर बदलेगी और दिल्ली का ट्रैफिक खत्म होगा।
- भारत
- 2 min read

Noida International Airport Delhi-NCR Connectivity: पीएम मोदी ने जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन कर दिया है। जिसके बाद अब अब टेस्टिंग का आखिरी चरण चल रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि अप्रैल 2026 के आखिरी हफ्ते या मई की शुरुआत में पहली कमर्शियल उड़ान शुरू हो जाएगी। इंडिगो और अकासा एयर जैसी एयरलाइंस जल्द ही अपना फ्लाइट शेड्यूल जारी कर देंगी। जिसके बाद टिकट बुकिंग भी शुरू हो जाएगी।
दिल्ली-NCR का ट्रैफिक होगा कम
खास बात ये है कि नोएडा में बने जेवर एयरपोर्ट की सीधी हाई-स्पीड कनेक्टिविटी दिल्ली, फरीदाबाद, गुरुग्राम तक मिलने जा रही है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) भारत की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट परियोजनाओं में से एक है, जो NCR की कनेक्टिविटी को पूरी तरह बदल कर रख देगा।
करोड़ों रुपये का मोडल हब बनेगा
यमुना एक्सप्रेसवे पर स्थित यह एयरपोर्ट पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर 11,200 करोड़ रुपये के निवेश से बनाया गया है। सरकार के मुताबिक, पहले चरण में सालाना 1.2 करोड़ यात्री (12 मिलियन) आ-जा सकेंगे। पूरा विकास होने पर यह क्षमता बढ़कर 7 करोड़ सालाना हो जाएगी। एयरपोर्ट को सड़क, रेल, मेट्रो और बस सेवाओं से जोड़कर मल्टी-मोडल ट्रांसपोर्ट हब बनाया गया है।
दिल्ली, फरीदाबाद और गुरुग्राम को सीधी कनेक्टिविटी
कुछ हफ्ते पहले ही केंद्रीय कैबिनेट ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जेवर एयरपोर्ट तक 31.42 किलोमीटर लंबे नए ग्रीनफील्ड कॉरिडोर को मंजूरी दी थी। इसकी अनुमानित लागत 3,630.77 करोड़ रुपये है। इस रोड से दक्षिण दिल्ली, फरीदाबाद और गुरुग्राम के लोगों को एयरपोर्ट तक सीधी और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी। लगभग 11 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड रोड के रूप में बनेगा, जो डीएनडी-बल्लभगढ़ बाईपास से जुड़ेगा। हरियाणा सरकार भी 450 करोड़ रुपये का योगदान दे रही है। यह कॉरिडोर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से भी जुड़ेगा, जिससे माल ढुलाई और यात्री आवागमन दोनों आसान हो जाएगा।
Advertisement
NCR की तस्वीर बदलेगी, आर्थिक विकास भी बढ़ेगा
पीएमओ के मुताबिक, यह एयरपोर्ट ग्रेटर नोएडा और आसपास के इलाकों में विकास का नया केंद्र बनेगा। फरीदाबाद मास्टर प्लान 2031 के तहत घनी आबादी वाले क्षेत्रों से गुजरने वाला यह रोड शहरी विकास को भी मजबूत करेगा। बस सेवाएं दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और बाकी शहरों से शुरू हो चुकी हैं। यह परियोजना NCR की ट्रैफिक जाम की समस्या को भी कम करेगी और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार देगी। पहले चरण में एक 3,900 मीटर लंबी रनवे और आधुनिक टर्मिनल तैयार है। जेवर एयरपोर्ट के साथ NCR अब दुनिया के बड़े एयरपोर्ट्स की कतार में शामिल हो गया है।