अपडेटेड 18 September 2025 at 13:52 IST

'वोट चोरी' पर राहुल गांधी के दावों को चुनाव आयोग ने बताया गलत और बेबुनियाद, BJP बोली- हाइड्रोजन बम निकला फुलझड़ी बम

राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त उन लोगों को बचा रहे हैं जिन्होंने भारतीय लोकतंत्र को नष्ट कर दिया है। अब कांग्रेस नेता के आरोपों पर चुनाव आयोग और BJP का करारा पलटवार आया है।

Follow : Google News Icon  
Election Commission response to Rahul allegation
राहुल गांधी के दावों को चुनाव आयोग ने बताया गलत | Image: ANI

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आज, 18 सितंबर को एक बार फिर वोट चोरों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की है। कांग्रेस नेता ने अब चुनाव आयोग (EC) पर एक नया हमला करते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार उन लोगों को संरक्षण दे रहे हैं, जिन्होंने भारतीय लोकतंत्र को नष्ट कर दिया है। राहुल ने ज्ञानेश कुमार पर सीधा आरोप क्यों लगाय इसकी वजह भी बताई। वहीं, राहुल के आरापों पर चुनाव आयोग का पलटवार आया है। EC ने कांग्रेस नेता के सभी आरोपों को खारिज कर दिया है।


राहुल गांधी ने नई दिल्ली के इंदिरा भवन ऑडिटोरियम में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि 2024 के लोकसभा चुनावों में बड़े पैमाने पर 'वोट चोरी' हुई। उन्होंने कर्नाटक के महादेवपुरा और महाराष्ट्र के राजुरा विधानसभा क्षेत्रों का हवाला देते हुए कहा कि वहां हजारों वोटों में हेरफेर की गई। इसके साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय लोकतंत्र को नष्ट करने में ये भी मदद कर रहे हैं।  

राहुल ने ज्ञानेश कुमार पर लगाए गंभीर आरोप

राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हुए कहा, "मैं ज्ञानेश कुमार पर इतना सीधा आरोप क्यों लगा रहा हूं। कर्नाटक में इस मामले की जांच चल रही है। कर्नाटक की CID ने चुनाव आयोग को 18 महीनों में 18 पत्र भेजे हैं, और उन्होंने चुनाव आयोग से कुछ बहुत ही सरल तथ्य मांगे हैं। पहला, हमें वह डेस्टिनेशन IP बताएं जहां से ये फ़ॉर्म भरे गए थे। दूसरा, हमें वह डिवाइस डेस्टिनेशन पोर्ट बताएं जहां से ये आवेदन दाखिल किए गए थे। और तीसरा, सबसे महत्वपूर्ण, हमें OTP ट्रेल्स बताएं क्योंकि जब आप आवेदन दाखिल करते हैं, तो आपको OTP प्राप्त करना होता है। 18 महीनों में 18 बार, कर्नाटक की CID ने इसके लिए चुनाव आयोग को पत्र लिखा है, और वे इसे नहीं दे रहे हैं। वे इसे क्यों नहीं दे रहे हैं? क्योंकि इससे हमें पता चल जाएगा कि ऑपरेशन कहां किया जा रहा है।"

लोकतंत्र को नष्ट करने की कोशिश-राहुल

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने यहां तक कह दिया कि "भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त उन लोगों को बचा रहे हैं जिन्होंने भारतीय लोकतंत्र को नष्ट कर दिया है।" वहीं, हाइड्रोजन बम वाले सवाल पर  कांग्रेस सांसद  ने कहा, "सबसे पहले, यह हाइड्रोजन बम नहीं है, हाइड्रोजन बम आने वाला है। यह इस देश के युवाओं को यह दिखाने और समझाने में एक और मील का पत्थर है कि चुनावों में किस तरह धांधली की जा रही है।"

Advertisement

चुनाव आयोग ने राहुल के आरोपों का किया खंडन

चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के इन आरोपों का खंडन करते हुए एक आधिकारिक बयान जारी किया। चुनाव आयोग ने ट्वीट किया, "लोकसभा के नेता राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोप गलत और निराधार हैं। किसी भी वोट को जनता के किसी भी सदस्य द्वारा ऑनलाइन नहीं हटाया जा सकता है, जैसा कि राहुल गांधी ने गलत धारणा बनाई है। प्रभावित व्यक्ति को सुनवाई का अवसर दिए बिना कोई भी विलोपन नहीं हो सकता है। 2023 में, अलंद विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं को हटाने के कुछ असफल प्रयास किए गए थे और मामले की जांच के लिए ईसीआई के प्राधिकारी द्वारा स्वयं एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। रिकॉर्ड के अनुसार, अलंद विधानसभा क्षेत्र 2018 में सुभाध गुट्टेदार (भाजपा) और 2023 में बीआर पाटिल (कांग्रेस) ने जीता था।"

महाराष्ट्र और कर्नाटक में वोट चोरी का आरोप

बता दें कि राहुल गांधी ने महाराष्ट्र और कर्नाटक का उदाहरण देकर कहा, "कर्नाटक में अलंद एक निर्वाचन क्षेत्र है। किसी ने 6018 वोटों को हटाने की कोशिश की। हमें नहीं पता कि 2023 के चुनाव में अलंद में कुल कितने वोट हटाए गए। ये संख्या 6,018 से कहीं ज़्यादा है, लेकिन कोई उन 6018 वोटों को हटाते हुए पकड़ा गया, और यह संयोग से हुआ। वहाँ के बूथ लेवल अधिकारी ने देखा कि उसके चाचा का वोट हटा दिया गया है, तो उसने जांच की कि उसके चाचा का वोट किसने हटाया, और उसने पाया कि वोट हटाने वाला एक पड़ोसी था। उसने अपने पड़ोसी से पूछा, लेकिन उन्होंने कहा कि मैंने कोई वोट नहीं हटाया। न तो वोट हटाने वाले व्यक्ति को और न ही जिसका वोट हटाया गया था, उसे इस बारे में पता था। किसी और ताकत ने इस प्रक्रिया को हाईजैक कर लिया और वोट हटा दिया।"

Advertisement

हाइड्रोजन बम निकला फुलझड़ी बम-अनुराग ठाकुर 

वहीं, राहुल के आरोपों पर भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, "चुनाव दर चुनाव हार और जनता से नकार दिए जाने वाले एक नेता जिनके नेतृत्व में लगभग 90 चुनाव कांग्रेस पार्टी हारी, उनकी हताशा निराशा दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। आरोपों की राजनीति को इन्होंने अपना आभूषण बना लिया है।

अनुराग ठाकुर ने आगे कहा,जब इन्हीं के लगाए गए आरोपों को चुनाव आयोग सत्यापित करने कहती है को पीठ दिखाकर भाग जाते हैं। शपथ पत्र देने कहा जाता है तो मुकर जाते हैं। गलत और निराधार आरोप लगाना राहुल गांधी की आदत बन गई है... आरोप लगाने के बाद माफी मांगने का काम और कोर्ट से फटकार खाने का काम राहुल गांधी का हो गया है... हर मामले में इनको फटकार ही लगी है। आज की प्रेस वार्ता में हाइड्रोजन बम फोड़ने वाले थे फुलझड़ी से काम चलाना पड़ा। "
 

यह भी पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर के बाद दो मुस्लिम देशों की बड़ी डील, अब भारत ने दिया जवाब

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 18 September 2025 at 13:52 IST