अपडेटेड 27 January 2024 at 17:41 IST

Budget 2024: क्या इस साल पेश किया जाएगा इकोनॉमिक सर्वे? जानिए अंतरिम बजट में क्या है इसकी भूमिका

Budget 2024: वित्त मंत्री Nirmala Sitharaman 1 फरवरी, 2024 को अपना छठा बजट पेश करेंगी। सवाल ये है कि इस बार Economic Survey क्यों पेश नहीं किया जाएगा?

Follow : Google News Icon  
Economic Survey Of India Budget 2024
वित्त मंत्री Nirmala Sitharaman | Image: PTI

Budget 2024: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी 2024 को अंतरिम बजट पेश करने वाली हैं। हर साल केंद्रीय बजट से एक दिन पहले इकोनॉमिक सर्वे पेश किया जाता है। ऐसे में सवाल ये है कि क्या इस साल भी अंतरिम बजट से पहले इकोनॉमिक सर्वे पेश किया जाएगा?

आपको बता दें कि बजट तैयार करने में भी इकोनॉमिक सर्वे की काफी अहम भूमिका होती है। माना जाता है कि इकोनॉमिक सर्वे ही देश की अर्थव्यवस्था का एक रोडमैप देता है, जिसके अंतर्गत सरकार अर्थव्यवस्था से जुड़ी अपनी रणनीतियां तैयार करती है।

इकोनॉमिक सर्वे का इतिहास

आजादी के बाद संविधान लागू होने के बाद भी कई सालों तक इकोनॉमिक सर्वे बजट के दस्तावेजों का ही हिस्सा था। ऐसे में पहला इकोनॉमिक सर्वे साल 1950-51 में बजट के साथ पेश किया गया था। हालांकि,  1960 के बाद बजट और इकोनॉमिक सर्वे को अलग-अलग कर दिया गया। 1964 में पहली बार बजट सेशन से एक दिन पहले इकोनॉमिक सर्वे पेश किया गया।

आपको बता दें कि दोनों को अलग-अलग करने का निर्णय इसलिए लिया गया ताकि बजट का एक संदर्भ प्रदान किया जा सके। इस तरह बजट प्रस्तावों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलती है। इसका कारण ये है कि बजट मेकिंग प्रोसेस में इस सर्वे का इनपुट काफी अहम माना जाता है। यह आगामी बजट के लिए एक रूपरेखा तैयार करना का भी काम करता है।

Advertisement

क्या अंतरिम बजट से पहले पेश होगा इकोनॉमिक सर्वे?

दोनों सदनों में राष्ट्रपति के संबोधन के बाद इकोनॉमिक सर्वे पेश किया जाता है। हालांकि, इस साल लोकसभा चुनाव होने वाले हैं और यह बजट अंतरिम बजट है, ऐसे में परंपराओं का पालन करते हुए इकोनॉमिक सर्वे इस बार पेश नहीं किया जाएगा। लोकसभा चुनाव के बाद जो सरकार पावर में आएगी, वो इकोनॉमिक सर्वे पेश करेगी।

देश के लिए क्यों जरूरी है इकोनॉमिक सर्वे?

इकोनॉमिक सर्वे बुनियादी ढांचे, कृषि और औद्योगिक उत्पादन, रोजगार, कीमत, निर्यात, आयात, धन आपूर्ति, विदेशी मुद्रा भंडार और भारतीय अर्थव्यवस्था और बजट पर प्रभाव डालने वाले अन्य कारकों के रुझान का विश्लेषण करता है। यह सर्वे आर्थिक विकास के पूर्वानुमान भी प्रस्तुत करता है। इसके अलावा सरकार यह क्यों मान रही है कि अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ेगी या धीमी हो जाएगी, सर्वे इसका कारण भी बताता है।

Advertisement

ये भी पढ़ेंः Budget 2024: क्या है इकोनॉमिक सर्वे ऑफ इंडिया, बजट से एक दिन पहले क्यों किया जाता है पेश?

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 27 January 2024 at 17:03 IST