NEET Re-Exam: 'अपना कोटा दौरा कैंसिल कर दें, स्टूडेंट्स पहले ही बहुत स्ट्रेस में हैं', डॉक्टर नीलेश तिवारी ने राहुल गांधी से की अपील
डॉक्टर नीलेश तिवारी ने छात्रों का तनाव का जिक्र करते हुए राहुल गांधी से अपना दौरा रद्द करने की अपील की है। 21 जून 2026 को पेपर होना है।
- भारत
- 2 min read

NEET UG 2026 Re-Exam: 21 जून को होने वाले NEET-UG 2026 री-एग्जाम से पहले देश की 'शिक्षा नगरी' कोटा बड़ी राजनीतिक हलचल का केंद्र बन चुकी है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी कोटा में छात्रों से संवाद करने वाले हैं। इस बीच डॉक्टर नीलेश तिवारी ने छात्रों का तनाव का जिक्र करते हुए राहुल गांधी से अपना दौरा रद्द करने की अपील की है।
'छात्र पहले से ही भारी तनाव में हैं'
डॉक्टर नीलेश तिवारी ने राहुल के कोटा दौरे को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा, "राहुल गांधी जी से सम्मानपूर्वक अपील: कृपया कोटा का अपना दौरा रद्द करें। रविवार को NEET की परीक्षा है। छात्र पहले से ही भारी तनाव में हैं; ट्रैफिक, सुरक्षा, भीड़ और मीडिया की गतिविधियों से उनके ध्यान, रूटीन और प्रदर्शन पर असर पड़ सकता है। छात्रों को शांति से पढ़ाई करने दें।"
टेलीग्राम पर क्यों लगाई गई अस्थायी रोक?
नीट यूजी 2026 री-एग्जाम को लेकर सरकार ने सुरक्षा को मजबूत करते हुए बड़ा कदम उठाया है। केंद्र सरकार ने पूरे भारत में टेलीग्राम प्लेटफॉर्म पर 22 जून तक अस्थायी रोक लगा दी है। साथ ही मैसेज एडिट फीचर को 30 जून तक पूरी तरह बंद कर दिया गया है। यह फैसला NTA की सिफारिश पर लिया गया है।
सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 69A के तहत यह आदेश जारी किया गया है, जिसके चलते देशभर में टेलीग्राम की सेवाएं सीमित समय के लिए प्रतिबंधित कर दी गई हैं।
Advertisement
NTA ने बताया कि कुछ तत्व टेलीग्राम का दुरुपयोग कर रहे थे। पुराने मैसेज को बाद में एडिट करके नकली प्रश्न पत्र या दस्तावेज जोड़ दिए जाते थे, जिससे यह दिखाया जा सके कि पेपर पहले से लीक हो चुका था। ऐसे फर्जीवाड़े को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। सरकार और NTA का उद्देश्य NEET री-एग्जाम को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित माहौल में आयोजित करना है। इन उपायों से परीक्षा से जुड़े संगठित गिरोहों पर अंकुश लगाने और छात्रों के हितों की रक्षा करने की कोशिश की गई है।