अपडेटेड 13 April 2025 at 20:54 IST
अंबेडकर जयंति से पहले लखनऊ में 'डॉ.अंबेडकर मैराथन' का हुआ आयोजन; BJP प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह ने बाबा साहब को किया नमन
DR. Ambedkar Marathon: भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 135वीं जयंती की पूर्व दिवस पर लखनऊ में “डा० अंबेडकर मैराथन” का आयोजन हुआ।
- भारत
- 4 min read

DR. Ambedkar Marathon: भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 135वीं जयंती की पूर्व दिवस पर लखनऊ में “डा० अंबेडकर मैराथन” का आयोजन अत्यंत उत्साह और सामाजिक चेतना के वातावरण में सम्पन्न हुआ जिसमें 5 हजार से अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया।
मैराथन दौड़ के शुभारंभ में मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के संगठन प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह और कार्यक्रम संयोजक नीरज सिंह, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम में मशाल जलाकर प्रतिभागियों को झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रदेश महामंत्री भाजपा गोविंद नारायण शुक्ला, प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर, संतोष सिंह, एम एल सी मुकेश शर्मा, रामचंद्र सिंह प्रधान, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज बोरा, योगेश शुक्ला, डायरेक्टर आर पी सिंह, प्रवीण गर्ग, आर एस ओ अनिमेष सक्सेना मुख्य रूप से उपस्थित रहे। यह दौड़ अटल चौक होते हुए 1090 चौराहा तक सम्पन्न हुई। समापन अवसर पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने राज्यसभा सांसद बृज लाल और कार्यक्रम संयोजक नीरज सिंह के साथ खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार, मेडल व ट्रॉफी वितरित किए।
भीमराव अंबेडकर ने पिछड़े और शोषित वर्ग के लिए अपनी जिंदगी समर्पित की- धर्मपाल सिंह
संगठन प्रदेश महामंत्री भाजपा धर्मपाल सिंह ने अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर जी की शिक्षाओं और उनके जीवन के आदर्शों पर जोर दिया। उन्होंने कहा, यह आयोजन न केवल बाबा साहब के विचारों को जनमानस तक पहुंचाने का माध्यम बना, बल्कि समाज में एकता, समानता और चेतना का सशक्त संकल्प भी प्रस्तुत किया।
Advertisement
"बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने समाज के पिछड़े और शोषित वर्ग के लिए अपनी जिंदगी समर्पित की। उन्होंने भारतीय संविधान का निर्माण करके देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और स्वतंत्रता प्रदान की। बाबा साहब का जीवन संघर्ष का प्रतीक है, और हम सभी को उनके आदर्शों पर चलकर समाज में समानता और न्याय स्थापित करने की दिशा में काम करना चाहिए। आज का यह आयोजन उनके योगदान को याद करने और समाज में एकता का संदेश देने का एक सशक्त प्रयास है।”
डॉ. भीमराव अंबेडकर का जीवन एक संघर्ष का प्रतीक है- बृजेश पाठक
प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा, "डॉ. भीमराव अंबेडकर ने हमें न केवल एक संविधान दिया, बल्कि हमें समाज में समानता और न्याय का अधिकार भी दिलवाया। उनका जीवन एक संघर्ष का प्रतीक है, और उनके विचारों को हम सभी को अपनी जीवनशैली में उतारने की आवश्यकता है। आज का यह आयोजन बाबा साहब के विचारों को समर्पित है, जो हमें समाज में एकता और समानता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। हम सभी को उनके आदर्शों पर चलकर एक ऐसे समाज की स्थापना करनी चाहिए, जहां हर व्यक्ति को समान अवसर और अधिकार प्राप्त हों।"
Advertisement
अंबेडकर केवल संविधान निर्माता नहीं, बल्कि समाज सुधारक भी थे- नीरज सिंह
आयोजक भाजपा नेता नीरज सिंह ने अपने संबोधन में डॉ.अंबेडकर के जीवन और उनके द्वारा किए गए संघर्षों को याद करते हुए कहा, “डा. अंबेडकर केवल संविधान निर्माता नहीं, बल्कि समाज सुधारक भी थे। उन्होंने दलितों, आदिवासियों, महिलाओं और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष किया। उनका यह संघर्ष हमें हमेशा प्रेरित करता है कि हम भी अपने समाज में समानता और न्याय की स्थापना करें। यह मैराथन उनके विचारों को आगे बढ़ाने का एक प्रयास है, और मैं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करता हूँ जिन्होंने इस नेक कार्य में भाग लिया।”
विजेताओं के मिला नकद पुरस्कार
मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग ने बताया कि मैराथन में अवधेश चौधरी को प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ, जिनको ₹50,000 (पचास हज़ार रुपये मात्र) का नगद पुरस्कार ,अनुपम को द्वितीय पुरस्कार के ₹25,000 (पच्चीस हज़ार रुपये, पंकज यादव को तृतीय पुरस्कार के ₹15,000 (पंद्रह हज़ार रुपये मात्र) नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। इस्लाम अली, संदीप पाल, राहुल सहरमन सरनालईया, उजाला, शिल्पी, प्रतिक्षा यादव, प्रेमलता, तथा शशिलता को सांत्वना पुरस्कार स्वरूप प्रत्येक को 5000 दिए गए।
मैराथन के उपरांत, “सामाजिक परिवर्तन प्रतीक स्थल, गोमती नगर” पर एक भावपूर्ण माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां बाबा साहब डॉ. अंबेडकर जी की प्रतिमा पर धर्मपाल सिंह, नीरज सिंह तथा अन्य गणमान्य जनों द्वारा पुष्पमाला अर्पित की गई। इस अवसर पर उनके जीवन दर्शन, संविधान निर्माण में योगदान तथा सामाजिक न्याय के लिए किए गए संघर्षों को स्मरण किया गया।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 13 April 2025 at 20:53 IST