'सभी धर्मों का सम्मान करना सनातन और नफरत फैलाना हिंदुत्व है, जो RSS-VHP...', दिग्विजय सिंह के बयान पर बवाल, BJP बोली- उन्हें शर्म आनी चाहिए

सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा, 'सनातन धर्म सभी धर्मों का सम्मान करता है और नफरत फैलाना हिंदुत्व है।'

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ शुक्रवार को अपने 17वें दिन गुना पहुंची। यहां मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने RSS और विश्व हिंदू परिषद (VHP) पर निशाना साधते हुए हिंदुत्व को लेकर एक बार फिर विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों का सम्मान करना और विश्व के कल्याण की कामना करना ही सनातन धर्म है और नफरत फैलाना हिंदुत्व है। अब उनके इस बयान पर BJP की तीखा प्रतिक्रिया आई है।

दिग्विजय सिंह ने गुना में पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए कहा, “हमारा एक ही संदेश है। सनातन धर्म सभी धर्मों का सम्मान करता है और पूरे विश्व का कल्याण चाहता है। सनातन धर्म पूरे विश्व को एक कुटुंब मानता है। कोई भी धार्मिक आयोजन शांति पाठ के बिना पूरा नहीं होता। यही सनातन धर्म है। नफरत फैलाना हिंदुत्व है और RSS-VHP का धर्म से कोई लेना-देना नहीं है।”

दिग्विजय सिंह सनातन को लेकर क्या कहा?

कांग्रेस नेता ने हिंदुत्व और सनातन धर्म को अलग बताते हुए आरोप लगाया कि सनातन को हिंदुत्व की तरह पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व की तरफ जाने वालों के दिल और दिमाग में नफरत होती है। अगर इसे सही तरीके से नहीं समझाया गया तो लोग हिंदुत्व की तरफ चले जाएंगे। उन्होंने लोगों को हिंदुत्व से दूर रहने की नसीहत भी दी।

दिग्विजय सिंह के बयान पर BJP का करारा पलटवार

दिग्विजय सिंह के इस बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विश्वास सारंग ने कहा, “दिग्विजय सिंह की यात्रा सनातन धर्म को बदनाम करने वाली यात्रा है। पहले ही कहा था कि रोज ऐसे नए बयान देंगे, जिससे हिंदू और हिंदुत्व लज्जित होगा। उनको शर्म आनी चाहिए। सनातन विरोधियों का महिमामंडन करने वाले दिग्विजय सिंह अब हिंदुत्व सिखाएंगे। उन्होंने हिंदुओं को कहा है कि वे घृणा पैदा करते हैं, विघटन और बिखराव करते हैं। आश्चर्य होता है कि 80 साल के बुजुर्ग इस तरह की बातें कर रहे हैं। यह हिंदुओं के विरोध में यात्रा निकाली जा रही है।”

Advertisement

दिग्विजय सिंह हमेशा हिंदुत्व के खिलाफ बोलते हैं-BJP

वहीं, मध्य प्रदेश BJP मीडिया प्रभारी बृज गोपाल लोया ने कहा, “दिग्विजय सिंह जब भी मुंह खोलते हैं, हमेशा हिंदुत्व के खिलाफ बोलते हैं। यह बड़े आश्चर्य की बात है कि जिस धर्म संस्कृति में वे स्वयं पैदा हुए, जिसमें पले और उसी के माध्यम से मध्य प्रदेश के 10 वर्ष मुख्यमंत्री रहे। वे कैसे इतना शर्मनाक बयान दे सकते हैं... हिंदू को बदनाम करने की आप जो कोशिश कर रहे हैं, वो उन लोगों के साथ खड़े होने की कोशिश भी है जिन्होंने इस देश को बांटने की, इस देश में नफरत फैलाने की कोशिश की।”

राहुल गांधी को खुश करने के कोशिश

"दिग्विजय सिंह उस जाकिर नायक को आप शांति का मसीहा कहते हैं...राहुल गांधी को खुश करने के लिए आप हिंदू परंपराओं को, हिंदू प्रतीकों को और हिंदू अस्मिता को चुनौती देने का काम करते हैं। मैं फिर से आपसे कहता हूं कि उस हिंदू सनातन परंपरा में ही कल्याण संभव है, राहुल गांधी की चापलूसी में नहीं।"

Advertisement

दिग्विजय सिंह पिछले कई दिनों से अपनी इस यात्रा के दौरान हिंदुत्व और सनातन धर्म को लेकर ऐसे बयान देते रहे हैं, जिन पर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। बता दें कि दिग्विजय सिंह उज्जैन से अयोध्या तक करीब 1000 किलोमीटर की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा निकाल रहे हैं। उन्होंने इसके दो उद्देश्य बताए- लोकतंत्र बचाना और सनातन धर्म को हिंदुत्व के रूप में पेश किए जाने का विरोध करना।

यह भी पढ़ें:  अश्विनी वैष्णव ने कांग्रेस को SIR पर संसद में बहस करने की दी चुनौती

Published By:
 Rupam Kumari
पब्लिश्ड