'भारत में लव के बाद अब शुरू हुआ फ्रेंड जिहाद', गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड का जिक्र कर बोले धीरेंद्र शास्त्री, हिंदुओं को किया अलर्ट
Dhirendra Shastri on Surya Murder Case: धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने आयोजन के दौरान मीडिया से बातचीत में कहा कि भारत में लव जिहाद के बाद अब फ्रेंड जिहाद शुरू हुआ है।
- भारत
- 3 min read
Dhirendra Shastri on Surya Murder Case: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हिंदुओं को एकजुट और सतर्क रहने का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने गाजियाबाद में हुए सूर्या हत्याकांड का उदाहरण देते हुए कहा कि अब लव जिहाद के बाद फ्रेंडशिप जिहाद शुरू हो गया है।
दरअसल, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री गुजरात के राजकोट में आयोजित तीन दिवसीय हनुमंत कथा और दिव्य दरबार कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं। 5 जून से शुरू हुए कार्यक्रम का आज आखिरी दिन है।
अब शुरू हुआ फ्रेंड जिहाद- धीरेंद्र शास्त्री
उन्होंने आयोजन के दौरान मीडिया से बातचीत में कहा, 'भारत में थूक जिहाद, मूत्र जिहाद, लैंड जिहाद, लव जिहाद के बाद एक नए जिहाद का ईजाद हुआ है, जिसका नाम है फ्रेंड जिहाद। जो उत्तर प्रदेश की सूर्या नाम के बालक की घटना हुई है, वो दोस्ती जिहाद था।'
‘…धर्मांतरण और लव जिहाद से ग्रसित’
उन्होंने आगे कहा, 'गुजरात का दक्षिण गुजरात भी वर्तमान में धर्मांतरण और लव जिहाद से बहुत ग्रसित है। हम इसके लिए पूरे भारत में काम कर रहे हैं। इसलिए लगातार धाम को, सनातन को और हम संतों को टारगेट किया जाता है। बहुत ही जल्द हम दक्षिण गुजरात में घर वापसी के लिए आयोजन करेंगे।'
Advertisement
सूर्या चौहान हत्याकांड
बता दें कि गाजियाबाद के खोड़ा स्थित नवनीत विहार में रहने वाले 17 साल के सूर्या प्रताप चौहान की बकरीद के दिन असद और उसके साथियों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। मुख्य आरोपी असद और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए बकरीद के दिन सूर्या को 'कुर्बानी देखने' के बहाने घर बुलाया था। पुलिस ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को एनकाउंटर में मार गिराया।
पुलिस सूत्रों ने दावा किया कि असद के पिता नवाब ने ही उसे बकरीद के दिन सूर्या पर चाकू से हमला करने के लिए भड़काया था। पुलिस ने बताया कि यह घटना मोटरसाइकिल चलाने को लेकर हुए विवाद के कारण हुई थी।
Advertisement
बाइक चलाने को लेकर हुई थी तीखी बहस
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने ANI को बताया, 'पूछताछ के दौरान आरोपी फरहान ने खुलासा किया कि 28 मई को दोपहर करीब 3 बजे, मुख्य आरोपी असद की सूर्या के साथ बाइक चलाने को लेकर तीखी बहस हुई थी। बाद में असद ने इस झगड़े के बारे में अपने पिता नवाब और अपने दोस्तों को बताया। इसके बाद उन्होंने सूर्या को सबक सिखाने की योजना बनाई।'
'असद को उसके पिता ने उकसाया था'
पुलिस ने आगे बताया कि उसी दिन दोपहर करीब साढ़े 3 बजे आरोपियों ने नवनीत विहार की गली नंबर 4 में सूर्या को घेर लिया। अधिकारी ने आगे बताया कि फरहान ने असद को एक चाकू दिया, जबकि असद के पिता नवाब ने उसे 'किस्सा खत्म करने' के लिए उकसाया। इसके बाद असद ने उसके पेट में चाकू घोंप दिया। जब पीड़ित खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा, तो आरोपियों ने यह मान लिया कि वह मर चुका है और वे मौके से फरार हो गए।