अपडेटेड 26 June 2025 at 14:43 IST

Himachal Flood: धर्मशाला में बाढ़ ने मचाई तबाही, 2 लोगों की मौत, 6 लापता; NDRF-SDRF रेस्क्यू में जुटी

मनूनी नदी के पास अचानक आई बाढ़ ने क्षेत्र में अफरा-तफरी मचा दी है। अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 6 लोग लापता बताए जा रहे हैं।

Follow : Google News Icon  
Dharamshala Flood
धर्मशाला में आई बाढ़ | Image: ANI

Dharamshala Flood: हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से खबर सामने आ रही है कि मनूनी नदी के पास अचानक बाढ़ आ गई जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई है। अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 6 लोग लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए NDRF की टीमें धर्मशाला पहुंच चुकी हैं। NDRF कमांडेंट जसविंदर सिंह ने बताया कि, 'बचाव अभियान लगातार जारी है, लेकिन परिस्थितियां काफी चुनौतीपूर्ण हैं। SDRF के साथ मिलकर हम एक संयुक्त ऑपरेशन चला रहे हैं।' उन्होंने यह भी कहा कि अब तक एक शव बरामद किया जा चुका है और शेष लापता लोगों की तलाश जारी है।

बचाव अभियान को पहाड़ी इलाके, कीचड़ और तेज बहाव के कारण कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय प्रशासन भी लगातार निगरानी रख रहा है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की हिदायत दी है और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। 

रुद्रप्रयाग में भी हादसा, बस नदी में गिरी

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में भी बड़ा हादसा हो गया। बद्रीनाथ हाईवे पर घोलथिर के पास यात्रियों से भरी एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में जा गिरी। हादसे के वक्त बस में कुल 21 लोग सवार थे। अब तक की जानकारी के मुताबिक, 2 यात्रियों की मौत हो चुकी है, जबकि 9 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। बाकी 10 यात्रियों की तलाश जारी है। SDRF, पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। घटना सुबह करीब 7 बजकर 40 मिनिट की बताई जा रही है।

अलग-अलग राज्यों के थे यात्री

इस टेंपो ट्रैवलर में गुजरात के 7, राजस्थान के 7, महाराष्ट्र के 2 और मध्य प्रदेश के 2 यात्री सवार थे। वाहन का ड्राइवर और क्लीनर हरिद्वार के रहने वाले थे। सभी लोग बद्रीनाथ दर्शन के लिए जा रहे थे। पिछले कुछ दिनों से रुद्रप्रयाग और केदारनाथ क्षेत्र में भारी बारिश हो रही है, जिससे अलकनंदा नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। तेज बहाव और फिसलन के चलते वाहन के फिसलने की आशंका जताई जा रही है।

Advertisement

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया- "जनपद रुद्रप्रयाग में एक टेंपो ट्रैवलर के नदी में गिरने का समाचार अत्यंत दुःखद है। SDRF सहित अन्य बचाव दलों द्वारा युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है। इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन से संपर्क में हूं। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।'

यह भी पढ़ें : BREAKING: अलकनंदा नदी में गिरी बस; 2 की मौत, 9 लोग रेस्‍क्यू, 10 लापता

Advertisement

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 26 June 2025 at 14:43 IST