राहुल गांधी खुद बताएं नंदीग्राम से उम्मीदवार मिलन प्रधान की क्यों हुई गिरफ्तारी? CM देवेन्द्र फडणवीस का कांग्रेस नेता के आरोपों पर पलटवार

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने नंदीग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार की गिरफ्तारी को लेकर राहुल गांधी के बयान पर कहा, वो इस बात का जवाब दें कि TMC ने अपना उम्मीदवार वापस क्यों लिया?

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Devendra Fadnavis hits out Chhatron Ki Goonj
CM फडणवीस का राहुल पर तंज | Image: ANI

नंदीग्राम उपचुनाव से ठीक पहले कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान की गिरफ्तारी को लेकर सियासी बयानबाजी जारी है। कांग्रेस ने इसे भाजपा की सत्तावादी राजनीति करार दिया है और कहा है कि पार्टी ऐसे एक्शन से डरने वाली नहीं है। मिलन प्रधान अपना नामांकन वापस नहीं लेंगे। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इसे लोकतंत्र की हत्या बताया तो अब उनके आरोपों पर CM देवेन्द्र फडणवीस ने करारा पलटवार किया है।

शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। नंदीग्राम से कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान को पुलिस अचानक गिरफ्तार कर ले गई। ये गिरफ्तारी पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के मिलन प्रधान को अपना समर्थन देने के ऐलान के कुछ घंटों बाद हुई थी। ममता बनर्जी गुट की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने सीएम सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात करने के बाद नंदीग्राम से अपना नामांकन वापस ले लिया था। इसके बाद ममता ने कांग्रेस को अपना समर्थन देने का ऐलान किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस गिरफ्तारी को राजनीतिक बदला बताया है।

CM फडणवीस का राहुल से बड़ा सवाल

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने नंदीग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार की गिरफ्तारी को लेकर राहुल गांधी के बयान पर कहा, "वो इस बात का जवाब दें कि TMC ने अपना उम्मीदवार वापस क्यों लिया? मैं राहुल गांधी से सवाल पूछना चाहता हूं कि आपके उम्मीदवार को किस आरोप में गिरफ्तार किया गया है और वो जिस आरोप में वो गिरफ्तार हुए हैं, क्या आप उसका समर्थन करते हैं? क्या इस प्रकार के अपराध के लिए अपराधी को छोड़ दिया जाना चाहिए क्योंकि वो कांग्रेस के नेता हैं, क्या देश में ऐसा हो सकता है?"

मिलन प्रधान की गिरफ्तारी पर राहुल ने क्या कहा?

बता दें कि BJP पर आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने अपने X पोस्ट में लिखा, नंदीग्राम उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी कोई संयोग नहीं, राजनीतिक प्रतिशोध है - लोकतंत्र की हत्या है। BJP का निष्पक्ष चुनाव में भरोसा ही नहीं - इसलिए कभी वोट चोरी, कभी सरकार चोरी और कभी पार्टी चोरी से सत्ता बचाना चाहती है। वो चुनाव नहीं लड़ना चाहते, चुनावी मुकाबला ही खत्म कर देना चाहते हैं। कांग्रेस न डरेगी, न झुकेगी। हम लड़ेंगे भी, जीतेंगे भी।

Advertisement

बंगाल में लोकतंत्र की हत्या हुई-खरगे

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी इस मुद्दे पर बीजेपी को घेरा है। खरगे ने कहा, ‘नंदीग्राम में कांग्रेस उम्मीदवार की गिरफ्तारी वोट चोरी की एक बेशर्म कोशिश है।’ उन्होंने दावा किया कि बीजेपी उपचुनाव में भी जांच एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रही है। खरगे ने सीधे प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘पीएम भारत को मदर ऑफ डेमोक्रेसी बताते हैं,’ लेकिन बंगाल में जो हो रहा है वह सीधे तौर पर लोकतंत्र की हत्या है।

यह भी पढ़ें: आदित्य को 500 करोड़ की मानहानि नोटिस थमाने मातोश्री पहुंचे सतीश सालियान

Advertisement
Published By:
 Rupam Kumari
पब्लिश्ड