दिल्ली घने कोहरे की चादर में लिपटी, कश्मीर में ताजा बर्फबारी; झारखंड में शीतलहर के चलते स्कूल बंद

Weather Update: दिल्ली में कोहरे की वजह से दृश्यता कम रही, जबकि झारखंड सरकार ने शीतलहर के मद्देनजर सात से 13 जनवरी तक स्कूल बंद रखने की घोषणा की है।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Himachal Pradesh, Shimla
प्रतीकात्मक तस्वीर | Image: ANI

India Weather Update: दिल्ली में रविवार को भी कोहरे की वजह से दृश्यता कम रही, जबकि झारखंड सरकार ने शीतलहर के मद्देनजर सात से 13 जनवरी तक स्कूल बंद रखने की घोषणा की है। कश्मीर घाटी के कई हिस्सों में पारा हिमांक बिंदु के करीब रहा, जहां रविवार को ताजा बर्फबारी हुई, जबकि हरियाणा और पंजाब में कई स्थानों पर सर्दी का प्रकोप जारी रहा।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता शून्य हो गई और कई उड़ानें तथा रेलगाड़ियां बाधित हुईं। घने कोहरे के कारण कम दृश्यता के कारण पिछले तीन दिनों से दिल्ली हवाई अड्डे पर उड़ान परिचालन प्रभावित हो रहा है। एक अधिकारी ने बताया, ‘‘शनिवार को नौ घंटे तक शून्य दृश्यता की तुलना में, पालम में रविवार को अपेक्षाकृत कम 3.5 घंटे तक शून्य दृश्यता रही।’’

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और सुबह गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।

श्रीनगर में ताजा बर्फबारी देखने को मिली

श्रीनगर समेत कश्मीर घाटी के अधिकतर हिस्सों में रविवार को ताजा बर्फबारी हुई। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में लगातार दूसरे दिन पारा हिमांक बिंदु के करीब रहा। अधिकारियों ने बताया कि सुबह उत्तरी कश्मीर के बांदीपुरा, बारामूला और कुपवाड़ा जिलों के कई इलाकों और मध्य कश्मीर के बडगाम और गांदरबल जिलों के कुछ हिस्सों में बर्फबारी हुई। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि घाटी में रात का तापमान काफी गिर गया और दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग शहर में यह शून्य से 8.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

Advertisement

मौसम विभाग ने कहा कि श्रीनगर में तापमान शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात को शून्य से 2.2 डिग्री नीचे था। उत्तरी कश्मीर में ‘स्कीइंग’ गतिविधियों के लिए मशहूर पर्यटन स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से 2.2 डिग्री था। दक्षिण कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के आधार शिविरों में से एक पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

कश्मीर के प्रवेश द्वार शहर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पंपोर शहर के कोनिबल में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में तापमान शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग में तापमान शून्य से 8.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और यह घाटी में सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया। हरियाणा और पंजाब के ज्यादातर हिस्सों में रविवार को कई स्थानों पर कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहा और नारनौल में न्यूनतम तापमान सबसे कम 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Advertisement

करनाल में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस पहुंची

अधिकारियों ने बताया कि दोनों राज्यों में कुछ स्थानों पर सुबह घना कोहरा छाया रहा। चंडीगढ़ स्थित मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा के करनाल में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 8.3 डिग्री सेल्सियस, हिसार में 8.8 डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 8.9 डिग्री सेल्सियस, गुरुग्राम में 9.3 डिग्री सेल्सियस और रोहतक में 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

विभाग ने बताया कि पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस और अमृतसर में 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अनुसार गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 8.4 डिग्री सेल्सियस, फरीदकोट में 8.5 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 8.6 डिग्री सेल्सियस और पठानकोट में 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

झारखंड में 13 जनवरी तक 8वीं तक स्कूलें बंद

दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई दिनों तक बादल और कोहरे के बाद शहर में धूप खिली। झारखंड में सरकार ने राज्य में शीतलहर के कारण सात से 13 जनवरी तक किंडरगार्टन से कक्षा आठवीं तक के स्कूल बंद करने की घोषणा की है। झारखंड सरकार ने बताया कि राज्य में चल रही शीत लहर की स्थिति को देखते हुए सरकारी, सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और निजी सहित सभी श्रेणियों के विद्यालयों पर यह आदेश लागू होगा। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा और खूंटी में सबसे कम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बिहार भी शीतलहर की चपेट में है जहां कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे दर्ज किया गया है। पटना जिला प्रशासन ने कड़ाके की ठंड के कारण कक्षा आठवीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 11 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है। मौसम विभाग ने बताया कि बिहार में रविवार को सबसे कम तापमान मोतिहारी में 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद सारण में 6.9 डिग्री सेल्सियस, डेहरी में सात डिग्री, समस्तीपुर में 9.2 डिग्री सेल्सियस, वैशाली में 9.8 डिग्री सेल्सियस और पटना में 10 डिग्री सेल्सियस तापामान दर्ज किया गया।

इसे भी पढ़ें: कड़ाके की ठंड से दिल्लीवालों को नहीं मिलेगी राहत, कोहरे के बीच IMD ने जारी किया बारिश का अलर्ट, सर्द हवा बढ़ाएगी परेशानी

Published By:
 Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड