दिल्ली पुलिस का बिहार कांग्रेस पर शिकंजा, PM मोदी और उनकी मां से जुड़े AI वीडियो केस में थमाया नोटिस
दिल्ली पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां के फर्जी (AI) वीडियो मामले में बिहार कांग्रेस के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। इस सिलसिले में पुलिस ने बिहार कांग्रेस को औपचारिक नोटिस जारी किया है।
- भारत
- 2 min read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माताजी से संबंधित एक विवादित AI वीडियो मामले में दिल्ली पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। यह वीडियो कांग्रेस पार्टी के बिहार इकाई के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल @INCBihar से शेयर किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल ने अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम कार्रवाई के सिलसिले में पटना स्थित बिहार कांग्रेस मुख्यालय 'सदाकत आश्रम' पहुंची। टीम ने परिसर के बाहर औपचारिक नोटिस चस्पा किया है। पुलिस इस मामले में बिहार कांग्रेस से जुड़े एक विशेष मोबाइल नंबर की भूमिका की जांच कर रही है। जारी नोटिस के तहत अमित कुमार मंडल को 5 नवंबर 2026 को सुबह 11:00 बजे नई दिल्ली के भरत नगर स्थित काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल के कार्यालय में पूछताछ के लिए उपस्थित होने का सख्त निर्देश दिया गया है।
पुलिस ने मांगे इलेक्ट्रॉनिक सबूत और X अकाउंट का ब्योरा
जांच एजेंसी ने अमित कुमार मंडल को पूछताछ के दौरान कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य साथ लाने के निर्देश दिए हैं। इनमें संबंधित मोबाइल नंबर का सिम कार्ड और 1 जुलाई 2025 से अब तक इस्तेमाल किए गए वो सभी मोबाइल हैंडसेट शामिल हैं।
इसके अलावा @INCBihar एक्स हैंडल का आधिकारिक इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति का नाम, 1 जुलाई 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक इस एक्स अकाउंट को इस्तेमाल करने के लिए अधिकृत लोगों की लिस्ट भी मांगी गई है।