दिल्ली का मुख्यमंत्री कौन? कल खत्म हो जाएगा सस्पेंस, बीजेपी ने बुलाई विधायक दल की बैठक;18 को शपथ ग्रहण!
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कल बीजेपी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक बुलाई गई है। माना जा रहा है कि इसमें दिल्ली के नए सीएम के नाम पर फैसला हो जाएगा।
- भारत
- 3 min read

Delhi Next CM: दिल्ली विधानसभा चुनाव में 70 में 48 सीटें जीतकर भारतीय जनता पार्टी ने राजधानी की सत्ता में शानदार वापसी कर ली है। बीजेपी की सरकार बनने के एक हफ्ते बाद भी दिल्ली को अपना मुख्यमंत्री नहीं मिल सका है। इस बीच खबर है कि दिल्ली में नए सीएम को लेकर चल रहा सस्पेंस कल खत्म हो जाएगा।
सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार, कल (सोमवार) दोपहर करीब 3 बजे भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक बुलाई गई है। माना जा रहा है कि इस बैठक में दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला हो जाएगा। इस बैठक में दिल्ली बीजेपी के सभी विधायक और सांसद मौजूद रहेंगे। इस दौरान विधायक दल के नेता का चयन किया जा सकता है।
विधायक दल का नेता चुनने के बाद भाजपा कल ही (17 फरवरी) उपराज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकती है। बैठक के लिए आज रात ही भारतीय जनता पार्टी के पर्यवेक्षकों के नाम का ऐलान होने की संभावना है। खबरें यह भी है कि नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 18 या 19 फरवरी को हो सकता है।
CM बनने की रेस में ये तीन नाम सबसे आगे!
वहीं सीएम की रेस में शुरुआत में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हराने को वाले प्रवेश वर्मा का नाम आगे चल रहा था। हालांकि अब उनके नाम पर मुहर लगने के आसार कम लग रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, बीजेपी अब तीन प्रमुख नामों- मनजिंदर सिंह सिरसा, रेखा गुप्ता और जितेंद्र महाजन के नाम पर विचार कर रही है। खबरें हैं कि इन्हीं तीनों में से किसी एक को दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री का ताज सौंपा जा सकता है।
Advertisement
- मनजिंदर सिंह सिरसा- राजौरी गार्डन: बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने AAP की उम्मीदवार धनवंती चंदेला को 18 हजार से भी ज्यादा वोटों के अंतर से हराया है।
- रेखा गुप्ता- शालीमार बाग: बीजेपी की लीडर रेखा गुप्ता ने शीलामार बाग सीट से आम आदमी पार्टी की बंदना कुमारी को 29595 वोटों से हराया है।
- जितेंद्र महाजन- रोहतास नगर: बीजेपी के जितेंद्र महाजन ने आम आदमी पार्टी की सरिता सिंह को 27 हजार 902 वोटों से मात दी है।
बता दें कि दिल्ली के अगले सीएम के लिए कई अनुभवी नेताओं के नाम भी चर्चा में हैं। इनमें प्रवेश वर्मा के अलावा मोहन सिंह बिष्ट, सतीश उपाध्याय, विजेंद्र गुप्ता, आशीष सूद, पवन शर्मा और शिखा राय के नाम शामिल हैं। हालांकि बीजेपी के इतिहास को देखते हुए माना जा रहा है कि शीर्ष नेतृत्व की ओर से कोई चौंकाने वाला फैसला भी लिया जा सकता है।
BJP ने 48 विधानसभा सीटें जीतीं
दिल्ली में 27 साल के बाद भारतीय जनता पार्टी का कमल खिला है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में बीजेपी ने 70 विधानसभा सीटों में से 48 सीटों पर जीत हासिल की है और आम आदमी पार्टी 62 सीटों से घटकर 22 पर आ गई है। यहां कांग्रेस को लगातार तीसरी बार जनता ने नकारा है, जिसे चुनाव में एक भी सीट नहीं मिली है।