CJP का प्रदर्शन हुआ हिंसक, प्रदर्शनकारियों ने किया पथराव, झड़प में दिल्ली पुलिस के जवान घायल
CJP के प्रदर्शनकारी और दिल्ली पुलिस के बीच उस समय हिंसक झड़प हो गई, जब प्रदर्शनकारी बैरिकेड को तोड़कर संसद मार्च के लिए आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे।
- भारत
- 3 min read

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन आज उस समय उग्र हो गया,जब संसद मार्च से पहले जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई। CJP के मार्च को देखते हुए जंतर-मंतर से लेकर संसद तक पुलिस की भारी तैनाती की गई थी, जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई थी,बावजूद प्रदर्शनकारी पुलिस की बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे।
CJP के प्रदर्शनकारी लगातार संसद की ओर बढ़ने की कोशिश करते नजर आए। पुलिस उन्हें बार-बार रूकने के लिए कह रही थी, मगर प्रदर्शनकारी ने पुलिस की एक ना सुनी। हालात को संभालने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी दागे। इसके बाद भगदड़ जैसे हालात हो गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर हमला बोल दिया। झड़प में दिल्ली पुलिस के कई जवान घायल हो गए।
प्रदर्शनकारियों के साथ झड़प में पुलिसकर्मी घायल
पार्लियामेंट स्ट्रीट के पास प्रदर्शनकारियों के साथ झड़प में दिल्ली पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर घायल हो गए। उन्होंने कहा, "हम बैरिकेड के पास खड़े थे, तभी प्रदर्शनकारियों ने पत्थर फेंके। एक पत्थर मुझे भी लगा, जिससे मैं घायल हो गया। प्रदर्शनकारियों के पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई हिंसक झड़प
घटना स्थल के कई वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया। वीडियो को देखते हुए इस घटना को सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ हिंसा की एक सुनियोजित योजना बताई जा रही है। हिंसक झड़प के बाद कई छात्र और युवा प्रदर्शनकारी को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है।
Advertisement
पुलिस ने नहीं दी थी संसद मार्च की परमिशन
बता दें कि संसद का मानसून सत्र आज से शुरू हो गया। सत्र को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने CJP के मार्च को परमिशन नहीं दी थी। बावजूद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी संसद मार्च लिए जंतर-मंतर के पास इकट्ठा हो गए। पुलिल ने उन्हें जंतर-मंतर पर ही रोकने की कोशिश कर रही थी, जिसके बाद हालात बिगड़ गए।
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट को देखते हुए पुलिस ने शहर कई मुख्य स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी। दिल्ली के कई मेट्रो स्टेशन के एंट्री और एग्जिट गेट को भी बंद कर दिया। इनमें जनपथ और पटेल चौक भी शामिल हैं। संसद मार्ग के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।