'आर्य समाज को वो सम्मान नहीं दिया गया...',आर्य महासम्मेलन में बोले PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय आर्य महासम्मेलन 2025 में आर्य समाज के योगदान को याद करते हुए कहा कि, दुर्भाग्य से राजनीतिक कारणों से स्वतंत्रता संग्राम में आर्य समाज की भूमिका को वह सम्मान नहीं मिला जिसका वो हकदार था।
- भारत
- 2 min read

PM Modi in International Arya Mahasammela: पीएम मोदी ने दिल्ली के रोहिणी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय आर्य महासम्मेलन 2025 में हिस्सा लिया। ये सम्मेलन महर्षि दयानंद सरस्वती जी की 200वीं जयंती और आर्य समाज के 150 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में रखा गया था। इस खास अवसर पर पीएम मोदी ने एक स्मारक सिक्का भी जारी किया है।
PM मोदी ने आर्य समाज के योगदान को याद किया
प्रधानमंत्री मोदी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि, आर्य समाज अपने आरंभ से ही देशभक्तों का संगठन रहा। उसने सदैव भारतीयता की वकालत की। विदेशी विचारधाराओं और विभाजनकारी सोच के विरुद्ध आर्य समाज ने हमेशा निर्भीकता से आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से राजनीतिक कारणों से स्वतंत्रता संग्राम में आर्य समाज की भूमिका को वह सम्मान नहीं मिला जिसका वो हकदार था।
आज हमारी बेटियां फाइटर प्लेन उड़ा रही- PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने महिला सशक्तिकरण और नई भारत की बदलती तस्वीर का जिक्र करते हुए कहा- 2 दिन पहले ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी ने राफेल लड़ाकू विमान में उड़ान भरी। उनके साथ स्क्वाड्रन लीडर शिवांगी सिंह थीं। आज हमारी बेटियां फाइटर प्लेन उड़ा रही हैं और ड्रोन दीदी बनकर आधुनिक खेती को बढ़ावा दे रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- 'स्वामी दयानंद सरस्वती जी जानते थे कि अगर भारत को आगे बढ़ना है तो भारत को सिर्फ गुलामी की जंजीरें ही नहीं तोड़नी हैं। जिन जंजीरों ने हमारे समाज को जकड़ा हुआ था उनको भी तोड़ना जरूरी था। इसलिए स्वामी दयानंद सरस्वती ने ऊंच-नीच, छुआछूत और भेदभाव का खंडन किया।'
Advertisement
अंतरराष्ट्रीय आर्य महासम्मेलन 2025 में प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन ने आर्य समाज के योगदान और महर्षि दयानंद सरस्वती के सामाजिक संदेश को याद दिलाया। उन्होंने देश को एकजुट और सशक्त बनाने के लिए आर्य समाज की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।