रेखा गुप्ता के सर पर हाथ रख नायब सिंह ने दिया आशीर्वाद, हरियाणा ने दिल्ली को दिया तीसरा CM; जींद में जश्न
Delhi CM Oath Ceremony : ‘देसां म्ह देस हरियाणा, जित दूध-दही का खाणा’ यह कहावत फिर सच हो गई, हरियाणा ने एक बार फिर दिल्ली को मुख्यमंत्री दिया है।
- भारत
- 3 min read

Delhi CM Oath Ceremony : ‘देसां म्ह देस हरियाणा, जित दूध-दही का खाणा’ यह कहावत आपने सुनी ही होगी, हरियाणा ने एक बार फिर दिल्ली को मुख्यमंत्री दिया है। रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बन गईं हैं। उनका परिवार हरियाणा के जींद जिले से ताल्लुक रखता है। इससे पहले सुषमा स्वराज और अरविंद केजरीवाल भी हरियाणा की मिट्टी से निकले और दिल्ली की सत्ता के टॉप तक पहुंचे।
दिल्ली की 4 महिला मुख्यमंत्रियों में से दो का नाता हरियाणा से है। सुषमा स्वराज और रेखा गुप्ता। खास बात यह है कि दोनों ने RSS से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की, वकालत की पढ़ाई की और फिर बीजेपी के माध्यम से सक्रिय राजनीति में आईं। आज शपथ ग्रहण से पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रेखा गुप्ता को सर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया, ( Naib Singh blessed Rekha Gupta) मानो दिल्ली और हरियाणा का रिश्ता और मजबूत हो गया हो। हरियाणा के जींद की रहने वाली रेखा गुप्ता जैसे ही दिल्ली की CM चुनी गई तभी से जींद के जुलाना में जश्न शुरू हो गया। लोगों ने नाचने के साथ लड्डू बांटे। वहीं रेखा को CM नायब सैनी के साथ केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बधाई दी।
सुषमा स्वराज - केजरीवाल भी हरियाणा की धरती से…
सुषमा स्वराज ने 11 अक्टूबर 1998 को दिल्ली की पहली महिला सीएम के रूप में शपथ ली थी। रेखा गुप्ता से पहले दिल्ली की राजनीति का मुख्य चेहरा रहे आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल का जन्म हरियाणा के जिला हिसार की सिवानी मंडी में हुआ था। साल 2011 में अरविंद केजरीवाल ने सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के साथ मिलकर जन लोकपाल विधेयक को लागू करने की मांग करते हुए इंडिया अगेंस्ट करप्शन ग्रुप (IAC) का गठन किया। जन लोकपाल विधेयक की मांग को लेकर 16 अगस्त को दिल्ली के रामलीला मैदान में अन्ना हजारे भूख हड़ताल पर बैठ गए। ये आंदोलन 28 अगस्त तक चला। अन्ना हजारे के बाद अरविंद केजरीवाल इस आंदोलन का प्रमुख चेहरा बनकर उभरे। अरविंद केजरीवाल ने 24 नवंबर 2012 को आम आदमी पार्टी (AAP) बनाई गई। 2013 में आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ा और अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस की पूर्व CM शीला दीक्षित को हरा दिया।
परिवार हरियाणा से, दिल्ली में पली-बढ़ीं रेखा
दिल्ली की नई CM रेखा गुप्ता का जन्म 19 जुलाई 1974 को हुआ था। उनके दादा मनीराम और परिवार के लोग हरियाणा के जुलाना में रहते थे। रेखा की स्कूली पढ़ाई दिल्ली में ही हुई। उन्होंने दिल्ली के ही दौलत राम कॉलेज से बीकॉम किया। इसके बाद एलएलबी की पढ़ाई भी की। उन्होंने कुछ समय तक वकालत भी की।
Advertisement
स्टूडेंट नेता से दिल्ली CM तक का सफर
छात्र जीवन से ही रेखा राजनीति में सक्रिय हो गई थीं। वह कॉलेज टाइम से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़ी हैं। रेखा के पति मनीष स्पेयर पार्ट का बिजनेस करते हैं। रेखा ने इससे पहले भी दो बार विधानसभा चुनाव लड़ा। पहली बार वे 11 हजार वोटों से हारीं तो पिछली बार AAP की वंदना से 4500 वोटों से हार गईं थीं।