Weather: हाय गर्मी! दिल्ली में टूटा 74 साल पुराना रिकॉर्ड, फरवरी की सबसे गर्म रात, मार्च-अप्रैल में क्या हाल होगा?

दिल्ली में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो 74 साल में फरवरी माह में रात का सबसे अधिक तापमान है।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Delhi weather update
Delhi weather update | Image: X

Delhi Weather: दिल्ली में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो 74 साल में फरवरी माह में रात का सबसे अधिक तापमान है। सफदरजंग मौसम केंद्र में दर्ज यह न्यूनतम तापमान (19.5) साल 1951 से 2025 के बीच की अवधि में फरवरी महीने में सबसे अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

आईएमडी ने बताया, ‘‘सफदरजंग में आज 27 फरवरी 2025 को न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह 1951 से 2025 के बीच सफदरजंग में फरवरी के महीने में दर्ज किया गया अब तक का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है, यानी 74 सालों में सबसे गर्म रात।’’

मौसम विभाग ने बताया कि 1951 से पहले का डेटा उपलब्ध नहीं है। पिछले रिकॉर्ड के अनुसार, फरवरी महीने में इससे पहले सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 25 फरवरी, 2015 को 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यह अब तक का दूसरा सर्वाधिक तापमान है।

मौसम विभाग ने बताया कि इसके बाद 1973 में 18.6 डिग्री सेल्सियस, 20 फरवरी 2015 को 18.5 डिग्री सेल्सियस, 1992 में 18.2 डिग्री सेल्सियस और 1988 में 18.0 डिग्री सेल्सियस है, जो पांचवां सबसे अधिक है।

Advertisement

आईएमडी ने बताया कि दिल्ली में बृहस्पतिवार को बादल छाए रहने के कारण अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य औसत तापमान से 1.1 डिग्री कम है।

इससे एक दिन पहले राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को इस मौसम का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

Advertisement

‘स्काईमेट वेदर’ के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि राजधानी में बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी के कारण आज से न्यूनतम तापमान में फिर गिरावट आने और तीन या चार मार्च तक स्थिर रहने का अनुमान है।

पलावत के मुताबिक, मार्च के पहले सप्ताह में नये पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे पहाड़ियों में बर्फबारी के साथ-साथ हवा के रुख में बदलाव होगा। उन्होंने बताया कि 10 मार्च के आसपास दिल्ली में सर्दी का मौसम खत्म हो जाएगा, जिसके बाद वायुमंडलीय दबाव फिर से बढ़ने लगेगा और तापमान में और गिरावट नहीं होगी।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 24 घंटे की औसत वायु गुणवत्ता ‘‘खराब’’ श्रेणी में दर्ज की गई। यहां शाम चार बजे एक्यूआई 215 दर्ज किया गया था।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।

इसे भी पढ़ें: पाकिस्तान की हार पर रिजवान की परत-दर-परत खुल रही कलई, टीम में नमाज के लिए बनाते हैं अलग व्हाट्सएप ग्रुप और गैर मुस्लिमो को...

Published By:
 Ritesh Kumar
पब्लिश्ड