Delhi-NCR में तेज आंधी के बाद विमान सेवा प्रभावित, IGI एयरपोर्ट से 15 फ्लाइट डायवर्ट
Delhi News: दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
- भारत
- 2 min read

Delhi News: दिल्ली-NCR में शुक्रवार की शाम अचानक मौसम बदल गया और धूल भरी तेज आंधी चलने लगी। इससे पहले मौसम विभाग ने दिल्ली में गुरुवार को बारिश होने और आंधी चलने का अनुमान जताया था। धूल भरी आंधी और तेज हवाओं के कारण शुक्रवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर कुल 15 फ्लाइट का रूट डायवर्ट किया गया है। मौसम खराब होने के कारण कई उड़ानों में देरी है।
शुक्रवार शाम को दिल्ली में धूल भरी आंधी चली। मौसम में आए बदलाव के कारण दिल्ली के कई इलाकों में मौसम प्रभावित हुआ, जिससे लोगों को चिलचिलाती गर्मी से भी राहत मिली। अचानक मौसम बदलने के बाद एयर इंडिया ने अपने यात्रियों के लिए ट्रेवल एडवाइजरी जारी की है। जिसके अनुसार, भारी आंधी और तेज हवाओं ने उत्तर भारत के कई हिस्सों में उड़ान संचालन को प्रभावित किया है, जिसके कारण दिल्ली से एयर इंडिया की कुछ उड़ानों को या तो डायवर्ट कर दिया गया है या उनमें देरी हो रही है।
फ्लाइट का स्टेटस देखने की सलाह
एयर इंडिया ने कहा कि हम स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं और असुविधा को कम करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। विमान कंपनी ने यात्रियों को सलाह दी है कि एयरपोर्ट पर आने से पहले https://airindia.com/in/en/manage/flight-status.html पर अपनी फ्लाइट का स्टेटस देखें।
आंधी के कारण उत्तर भारत के कई हिस्सों में हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ है। राजधानी के कई हिस्सों में आंधी के बाद हल्की बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है। तेज आंधी से कुछ इलाकों में पेड़ गिर गए और धूल ने लोगों को अपने घरों की खिड़कियां बंद करने पर मजबूर कर दिया। दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से लगभग 6 डिग्री सेल्सियस अधिक है और इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है।