अपडेटेड 28 February 2025 at 23:46 IST

दिल्ली में इस साल फरवरी में गर्मी, औसत अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस

पिछले साल की तुलना में दिल्ली में इस बार कम बारिश हुई। राष्ट्रीय राजधानी में फरवरी में केवल चार दिन बारिश हुई जबकि 2024 में छह दिन बारिश हुई थी।

Follow : Google News Icon  
Adverse effects of heat wave
दिल्ली में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड | Image: Freepik

नयी दिल्ली, 28 फरवरी (भाषा) दिल्ली में इस वर्ष का फरवरी माह गर्म रहा तथा अधिकतम और न्यूनतम तापमान में पिछले वर्ष की तुलना में वृद्धि देखी गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस महीने का औसत अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष के औसत तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस से अधिक है।

इसने बताया कि इसी प्रकार, औसत न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले छह वर्षों में फरवरी का सर्वाधिक न्यूनतम तापमान रहा। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में पिछली बार इतना गर्म औसत न्यूनतम तापमान 2017 में दर्ज किया गया था।

74 साल का टूटा रिकॉर्ड 

इस वर्ष फरवरी में पिछले 74 साल का रिकॉर्ड भी टूट गया, जहां 27 फरवरी को न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह 74 वर्ष में फरवरी की सबसे गर्म रात थी। इस बीच, पिछले साल की तुलना में दिल्ली में इस बार कम बारिश हुई। राष्ट्रीय राजधानी में फरवरी में केवल चार दिन बारिश हुई जबकि 2024 में छह दिन बारिश हुई थी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दिल्ली में शुक्रवार को बादल छाए रहने के कारण अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 0.9 डिग्री अधिक है जबकि न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस महीने का दूसरा सबसे अधिक न्यूनतम तापमान रहा।

Advertisement

गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना

मौसम विभाग ने दिल्ली में शनिवार को बादल छाए रहने और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई है। इसने बताया कि राजधानी में शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 28 डिग्री सेल्सियस और 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली में 24 घंटे की औसत वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की गई। यहां शाम चार बजे एक्यूआई 121 दर्ज किया गया। यह वायु गुणवत्ता सूचकांक इस साल का सबसे कम एक्यूआई है। आंकड़ों के अनुसार, यह वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार को दर्शाता है तथा पिछले तीन वर्षों में जनवरी और फरवरी में दर्ज किया गया यह सबसे कम एक्यूआई है।

Advertisement

इस वर्ष फरवरी में सबसे कम मासिक औसत एक्यूआई 214 दर्ज किया गया, जबकि फरवरी 2024 में 220 और फरवरी 2022 में एक्यूआई 225 दर्ज किया गया था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली में सरकार हटते ही AAP का डिब्बा गोल! इस ऑफिस में लटक गया ताला, जानिए क्या है कारण

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 28 February 2025 at 23:46 IST