दिल्ली के शाहदरा में कांवड़ मार्ग पर बिखरे मिले कांच के टुकड़े, विधायक ने बताया साजिश; कपिल मिश्रा बोले- दर्ज होगी FIR
Delhi News: दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि शाहदरा में कांवड़ यात्रा रूट पर कुछ शरारती तत्वों ने कांच के टुकड़े बिखेर दिए गए, जिसे साफ कराया गया। उन्होंने मामले में FIR दर्ज करवाने की बात कही है।
- भारत
- 3 min read

Kanwar Yatra 2025: 11 जुलाई से सावन महीने की शुरुआत के साथ ही शिवभक्तों का उत्साह चरम पर है। दिल्ली से लेकर यूपी और उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा भी जारी है। जहां एक ओर जगह-जगह कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। तो दूसरी तरफ दिल्ली के शाहदरा इलाके से बड़ी खबर सामने आई। यहां जो कावंड़ मार्ग पर कांच के टुकड़े बिछाने का दावा किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और इसके लिए CCTV फुटेज खंगाले जा रहे है।
स्थानीय विधायक संजय गोयल ने बताया कि ऐसा लग रहा है कि यह सब साजिश के तहत किया गया। पहले शुक्रवार (11 जुलाई) को कांच के टुकड़े मिले थे, जिसकी सफाई कराई गई। इसके बाद फिर शनिवार को दोबारा कांच के टुकड़े बिखेरे गए। मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि CM रेखा गुप्ता ने इस मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने इसको लेकर FIR दर्ज करवाने की बात कही।
मौके पर पहुंचे विधायक संजय गोयल
मिली जानकारी के अनुसार चिंतामणि चौक से शाहदरा फ्लाईओवर करीबन 1 किलोमीटर की दूरी पर कांच के टुकड़े बिखरे हुए मिले। दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा को इसकी जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने स्थानीय विधायक संजय गोयल को मौके पर भेजा। विधायक ने कांवड़ मार्ग पर छोटे-छोटे कांच के टुकड़े मिलने का दावा किया। उन्होंने बताया कि इसके बाद PWD के सफाई कर्मचारियों को बुलाया गया और पूरी मार्ग की सफाई कराई गई।
विधायक संजय गोयल का कहना है कि शुक्रवार (11 जुलाई) को भी इसी कावड़ मार्ग पर कांच के टुकड़े मिले थे, जिसे साफ कराया गया था। इसके बाद शनिवार को दोबारा कावड़ यात्रियों के लिए आरक्षित मार्ग पर कांच के टुकड़े बिखरे हुए मिले। इससे लगता है कि साजिश के तहत इस तरह के कृत्य को अंजाम दिया गया।
Advertisement
CCTV खंगाल रही पुलिस
इसकी सूचना दिल्ली पुलिस को भी दी गई है। दिल्ली पुलिस पूरे मार्ग पर लगे हुए CCTV कैमरे को खंगाल रही है, जिससे पता लगाया जा सके कि किसने कावड़ मार्ग पर कांच के टुकड़े बिखरे।
'CM रेखा गुप्ता ने लिया संज्ञान'
दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने इस घटना पर लिखा, "दिल्ली के शाहदरा में कुछ शरारती तत्वों में कांवड़ यात्रा के मार्ग पर कांच के टुकड़े लगभग एक किलोमीटर तक के मार्ग पर बिखेर दिए। PWD और निगम के कर्मचारी मार्ग को साफ कर रहें हैं। स्थानीय विधायक संजय गोयल वहां मौजूद हैं। CM रेखा गुप्ता ने स्वयं घटना का संज्ञान लिया है। PWD के द्वारा शरारती तत्वों के खिलाफ FIR दर्ज करवाई जाएगी। कांवड़ यात्रा में कोई भी व्यवधान नहीं होने देंगे।"
Advertisement
बता दें कि कांवड़ यात्रियों के लिए रास्ते रिजर्व किए गए हैं, जिससे शिवभक्तों की यात्रा सुगमता से पूरी हो सके। दिल्ली में दिलशाद गार्डन से शाहदरा की ओर जाने वाले रास्ता पुलिस ने कावड़ मार्ग को आरक्षित किया है। एक लेन को पूरी तरीके से कावड़ यात्रियों के लिए आरक्षित कर दिया गया है।