हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़ने पर दिल्ली में मंडराया बाढ़ का खतरा! कल से राजधानी के लोहा पुल पर वाहनों की आवाजाही बंद
Delhi flood warning, Loha Pul Delhi: शाहदरा के जिला मजिस्ट्रेट के अनुसार, यमुना नदी में बढ़ते जल स्तर के कारण 2 सितंबर को शाम 5 बजे से लोहा पुल पर यातायात और सार्वजनिक आवाजाही बंद कर दी जाएगी।
- भारत
- 3 min read

Delhi flood warning, Loha Pul Delhi: देश भर के कई प्रदेशों और जगहों पर भारी बारिश और बाढ़ के कारण जन-जीवन व्यस्त हो गया है। लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच देश की राजधानी दिल्ली में भी बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। राजधानी की यमुना नदी उफान पर है।
हरियाणा के यमुनानगर जिले में स्थिति हथिनीकुंड बैराज से लाखों क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इस बीच नदी के आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन और बचाव दल की टीम मुस्तैद हो गई है। वहीं, राजधानी के पुराने लोहा पुल को बंद करने की खबर सामने आई है।
2 सितंबर शाम 5 बजे से लोहा पुल पर वाहनों और लोगों की आवाजाही हो जाएगी बंद
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, शाहदरा के जिला मजिस्ट्रेट के अनुसार, यमुना नदी में बढ़ते जल स्तर के कारण 2 सितंबर को शाम 5 बजे से लोहा पुल पर यातायात और सार्वजनिक आवाजाही बंद कर दी जाएगी। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, आपदा प्रबंधन अधिकारियों द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, आज शाम 5 बजे तक, पुराने रेलवे पुल (ORB) पर जलस्तर 204.94 मीटर पर था।
हथिनी कुंड के अलावा वजीराबाद बैराज और ओखला बैराज से भी छोड़ा गया पानी
हथिनी कुंड बैराज से 292,365 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जबकि वजीराबाद बैराज से 41,830 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। ओखला बैराज से 56,455 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। वहीं, ओखला बैराज से यमुना में पानी छोड़ने के बाद फरीदाबाद में अलर्ट जारी कर दिया गया है। 14 गांव में बाढ़ के खतरे की आशंका है। बल्लभगढ़ प्रशासन ने हेल्प लाइन नंबर 0129-2227937, 2226262 को जारी कर दिया है।
आज सुबह 9 बजे हथिनीकुंड बैराज से 3,29,313 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। अधिकारियों को निचले इलाकों में गश्त के साथ-साथ कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
Advertisement
दिल्ली में बारिश को लेकर अलर्ट
मौसम विभाग में दिल्ली में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली के दक्षिणी और मध्य भागों में जारी मध्यम वर्षा के उत्तरी भागों तक भी फैलने की संभावना है। अगले 2 घंटों तक यह जारी रहने की संभावना है, जिससे दिल्ली के कई स्थानों पर मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी जाती है (घरों के अंदर रहें, पेड़ों या कमजोर ढांचों आदि के नीचे न छुपें, सड़क/यातायात की स्थिति की जांच करें और अनावश्यक यात्राओं से बचें)।