Flood Alert In Delhi-NCR: यमुना खतरे के निशान से काफी ऊपर, 207 मीटर पार, यमुना बाजार समेत कई इलाके डूबे; नोएडा में भी घुसा पानी
Delhi Flood news today: न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, बाढ़ सिर्फ दिल्ली तक ही सीमित नहीं है। उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 167 में यमुना नदी के आसपास के इलाके भी बाढ़ की चपेट में हैं, क्योंकि भारी बारिश के बाद नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इस कारण अब दिल्ली के साथ नोएडा भी बाढ़ की चपेट में आ सकता है।
- भारत
- 4 min read

Delhi Flood 2025, Delhi Flood news today: दिल्ली में निचले इलाके में बाढ़ का पानी घुस गया है। न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, दिल्ली में भारी बारिश के बाद, बुधवार दोपहर 1 बजे पुराने रेलवे पुल पर यमुना नदी का जल स्तर 207 मीटर तक पहुंच गया। यह घटना ऐसे समय में घटी है जब राजधानी में नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जो 205.33 मीटर है। अब नदी का जलस्तर और भी बढ़ गया है। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, सूत्र के अनुसार, यमुना के जलस्तर में 208.66 मीटर की अब तक की सबसे अधिक वृद्धि दर्ज की गई थी। लेकिन इस साल रिकॉर्ड 207 मीटर है, जिसे और ऊपर भी बढ़ने की आशंका है।
इससे पहले बुधवार सुबह, संभावित बाढ़ की आशंका के चलते, निवासियों, खासकर निचले इलाकों में रहने वालों को दिल्ली के अन्य स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया था। मोनेस्ट्री मार्केट में, दुकानदारों ने संभावित बाढ़ से बचाव के उपाय के तौर पर अपनी दुकानों से सामान हटा लिया है। दुकानदारों के अनुसार, दुकानें अगले चार से पांच दिनों तक बंद रहेंगी। एक दुकानदार ने एएनआई को बताया, “मैं अपनी दुकान खाली कर रहा हूं क्योंकि प्रशासन ने हमें नदी में बढ़ते जल स्तर के बारे में चेतावनी दी है। अब बाजार अगले चार-पांच दिनों तक बंद रहेगा।”
दिल्ली के इन इलाकों में घुसा बाढ़ का पानी
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, यमुना नदी के बढ़ते जल स्तर के कारण बुधवार को दिल्ली के कई हिस्सों में भयंकर बाढ़ आ गई, जिससे बड़े पैमाने पर लोगों को निकालने और राहत उपाय करने पड़े। नदी के किनारे बसे निचले इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं, जहां यमुना खादर, मयूर विहार फेज-1 और निगम बोध घाट जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ का पानी मोनेस्ट्री मार्केट और आसपास के रिहायशी और व्यावसायिक इलाकों में भी घुस गया है। इस बीच, यमुना खादर, मयूर विहार फेज-1 समेत प्रभावित इलाकों में राहत शिविर स्थापित किए गए हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) ने अपना अभियान तेज कर दिया है।
एनडीआरएफ की टीमें तैनात
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, एनडीआरएफ कमांडेंट ज्ञानेश्वर सिंह ने पुष्टि की है कि कई टीमें तैनात की गई हैं। सिंह ने एएनआई से कहा, "निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। हमारी टीमें कल रात से ही यहां तैनात हैं... 14-18 टीमें स्टैंडबाय पर हैं... चार टीमें यहां तैनात हैं।" इसके अलावा यमुना बाजार में घरों में पानी भर जाने के कारण लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।
Advertisement
कई घरों में घुसा बाढ़ का पानी
दिल्ली के ओल्ड उस्मानपुर निवासी राकेश ने एएनआई को बताया, “जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है और कई घरों में घुस गया है। हमें दो दिन पहले घर खाली करने का आदेश दिया गया था। अब यहां राहत टेंट लगा दिए गए हैं। कोई सुविधा नहीं है, प्रशासन हमारे साथ है, लेकिन सुविधां शून्य हैं। इस गांव में लगभग 2,500 लोग अपने मवेशियों के साथ रहते हैं। सभी जानवरों को समय रहते बचा लिया गया।”
नोएडा में भी बाढ़ की आशंका
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, बाढ़ सिर्फ दिल्ली तक ही सीमित नहीं है। उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 167 में यमुना नदी के आसपास के इलाके भी बाढ़ की चपेट में हैं, क्योंकि भारी बारिश के बाद नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इस कारण अब दिल्ली के साथ नोएडा भी बाढ़ की चपेट में आ सकता है।
Advertisement
मौसम विभाग ने क्या कहा है?
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज के लिए पूर्वानुमान है, "मध्यम बारिश के साथ सामान्यतः बादल छाए रहेंगे"। कल के लिए "गरज के साथ बारिश" की संभावना है। 5 सितंबर के लिए "मध्यम बारिश के साथ सामान्यतः बादल छाए रहेंगे"। 6 सितंबर के लिए "गरज के साथ बारिश" होगी। वहीं, 7 और 8 सितंबर के लिए "सामान्यतः बादल छाए रहेंगे"।