Faridabad Terror Plot: 2900Kg विस्फोटक, असॉल्ट राइफल, 3 मैगजीन... फरीदाबाद से गिरफ्तार डॉक्टर के ठिकानों से क्या-क्या मिला?
Faridabad Explosives: पुलिस ने कुल 7 संदिग्धों को पकड़ा है। इनमें हरियाणा के फरीदाबाद से डॉक्टर मुजम्मिल अहमद गनई की गिरफ्तारी आज हुई है। इससे पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कुलगाम के डॉक्टर आदिल को गिरफ्तार किया था। आदिल ने पुलिस पूछताछ में कई बड़े खुलासे किए थे, जिसके आधार पर फरीदाबाद में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
- भारत
- 3 min read

Faridabad Terror Plot, Faridabad Explosives: दिल्ली-एनसीआर के फरीदाबाद में जैश मॉड्यूल का बड़ा पर्दाफाश हुआ है। इस मामले में जम्मू-कश्मीर और हरियाणा पुलिस को संयुक्त अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस को फरीदाबाद से डॉक्टर मुजम्मिल अहमद गनई के ठिकाने से पहले 360 किलो विस्फोटक (अमोनियम नाइट्रेट), एक एसाल्ट राइफल और भारी मात्रा में गोला-बारूद मिला था। लेकिन अब और 2563 किलो विस्फोटक मिला है।
ऐसा लग रहा है कि किसी बड़े धमाके की साजिश रची जा रही थी। मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में दो डॉक्टरों समेत कुल सात लोगों की गिरफ्तारियां की गई हैं। आइए जानते हैं कि फरीदाबाद से गिरफ्तार डॉक्टर के ठिकानों से और क्या-क्या मिला है...
राइफल,जिंदा कारतूस, मैगजीन, सूटकेस और 2963 किलो विस्फोटक बरामद
बता दें कि यह कार्रवाई बीते दिनों जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के अनंतनाग से गिरफ्तार डॉक्टर आदिल अहमद रादर की निशानदेही पर की गई। तब आदिल के घर से पुलिस को AK-47 राइफल मिली थी। अब इस मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस और हरियाणा की पुलिस ने मिलकर अपना बड़ा ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
न्यूज एजेंसी एएनआई ने फरीदाबाद पुलिस के हवाले से शुरुआती जानकारी देते हुए बताया था कि पुलिस ने आज एक असॉल्ट राइफल, 3 मैगजीन और 83 जिंदा कारतूस, एक पिस्तौल, 8 जिंदा कारतूस, दो खाली कारतूस, दो अतिरिक्त मैगजीन, 8 बड़े सूटकेस, 4 छोटे सूटकेस और एक बाल्टी बरामद की, जिसमें से लगभग 360 किलोग्राम ज्वलनशील पदार्थ बरामद हुआ।
Advertisement
अब विस्फोटक की संख्या में और भी बढ़ोतरी हो गई है। जी हां, मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने फरीदाबाद में ही मुजम्मिल के दूसरे ठिकाने से 2563 किलो विस्फोटक बरामद की है। अब कुल विस्फोटक का वजन 2963 किलो हो गया है।
आदिल और मुजम्मिल समेत 7 लोग गिरफ्तार
मालूम हो कि पुलिस गिरफ्त में कुल 7 संदिग्ध पकड़े गए हैं। इनमें हरियाणा के फरीदाबाद से डॉक्टर मुजम्मिल अहमद गनई की गिरफ्तारी भी शामिल है। इससे पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कुलगाम के डॉक्टर आदिल को गिरफ्तार किया था। आदिल ने पुलिस पूछताछ में कई बड़े खुलासे किए थे, जिसके आधार पर फरीदाबाद में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सूत्रों के हवाले से यह भी खबर मिली है कि आदिल जैश के हैंडलरों के संपर्क में था। वहीं, इस गिरफ्तारी में एक महिला भी शामिल है।