Delhi: भाड़े के हत्यारे से महिला ने कराई पति की हत्या, संपत्ति विवाद का मामला

पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पत्नी ने संपत्ति विवाद को लेकर इस अपराध की कथित तौर पर साजिश रची थी।

Follow : Google News Icon  
Unidentified woman's body discovered with strangulation marks near UP village; police suspect murder
Delhi: भाड़े के हत्यारे से महिला ने कराई पति की हत्या, संपत्ति विवाद का मामला | Image: PTI representation

दिल्ली पुलिस ने एक व्यक्ति की हत्या के आरोप में पंजाब से ‘भाड़े के हत्यारे’ को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पत्नी ने संपत्ति विवाद को लेकर इस अपराध की कथित तौर पर साजिश रची थी। उन्होंने बताया कि पंजाब के मुक्तसर से आरोपी बग्गा सिंह (19) को गिरफ्तार किया गया।

उत्तरी दिल्ली के शक्ति नगर क्षेत्र में भारतीय खाद्य निगम के गोदाम के पास नाले में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने के बाद तीन फरवरी को मामला सामने आया। उत्तर जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने एक बयान में कहा, 'शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और फिंगरप्रिंट जांच से मृतक की पहचान पहाड़गंज निवासी सोनू नागर के रूप में हुई। मृतक का आपराधिक इतिहास था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई।'

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि..

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि सोनू की पत्नी सरिता ने गुलाबी बाग पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। उसने दावा किया कि दो अज्ञात लोग उनके घर से उसके पति को मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गए थे। हालांकि, पुलिस को उसकी बयानबाजी में विरोधाभास मिले।

पुलिस उपायुक्त ने कहा, 'एक विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और आईपीडीआर डेटा का विश्लेषण किया जिससे पता चला कि कुछ लोग पंजाब से दिल्ली आए थे और हत्या के समय घटनास्थल के आसपास मौजूद थे।'

Advertisement

जांच में पता चला कि सरिता और उसकी मां पंजाब के कई मोबाइल नंबरों से संपर्क में थीं जिनमें से एक दिल्ली के गुलाबी बाग क्षेत्र में सक्रिय था।

सीसीटीवी कैमरा फुटेज में सोनू समेत तीन लोग मोटरसाइकिल पर शक्ति नगर की ओर जाते दिखे, जहां बाद में सोनू का शव मिला था। इन सुरागों के आधार पर, पुलिस ने मुक्तसर क्षेत्र में छापा मारकर बग्गा सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान बग्गा ने अपराध कबूल किया और खुलासा किया कि सरिता ने उसे अपने पति की हत्या के लिए सुपारी दी थी।

Advertisement

पुलिस के अनुसार, सोनू की पत्नी सरिता संपत्ति विवाद के कारण उससे छुटकारा पाना चाहती थी। उसने कथित तौर पर बग्गा और गुरप्रीत के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। दोनों ने गुलाबी बाग स्थित सोनू के घर में उसकी हत्या की और बाद में शव को ठिकाने लगा दिया। पुलिस ने बताया कि गुरप्रीत फिलहाल फरार है।

पुलिस ने बग्गा के पास से सोनू का मोबाइल फोन और अपराध में इस्तेमाल की गयी मोटरसाइकिल बरामद की है। अन्य आरोपियों को पकड़ने और साजिश की पूरी जानकारी जुटाने के लिए जांच जारी है।

ये भी पढ़ें - पेट की मरोड़ को दूर करने के घरेलू उपाय क्या हैं? जानें

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By :
Garima Garg
पब्लिश्ड