दिल्ली में तेज रफ्तार का कहर, RK पुरम में कार ने बाइक को 100 मीटर तक घसीटा; बुजुर्ग ड्राइवर पर केस दर्ज

दिल्ली के RK पुरम में एक भयानक सड़क हादसे का मामला सामने आया है। जहां एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मारने के बाद उसे लगभग 100 मीटर तक घसीटा। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon

राजधानी दिल्ली के RK पुरम इलाके से एक बेहद खौफनाक सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार नीले रंग की कार ने सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी और उसे करीब 100 मीटर तक घसीटती हुई ले गई। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सड़क पर बाइक घसीटते दिखे 73 वर्षीय बुजुर्ग

वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कार के अगले हिस्से में बाइक बुरी तरह फंसी हुई है और कार चालक उसे सड़क पर घसीटते हुए बेधड़क आगे बढ़ रहा है। सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने जब यह मंजर देखा, तो तुरंत आगे बढ़कर कार को रुकवाया और चालक को रोका। हैरान करने वाली बात यह है कि कार को एक 73 वर्षीय बुजुर्ग चला रहे थे।

अफ्रीका एवेन्यू रोड पर देर रात हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, यह घटना 17 सितंबर की रात लगभग 10:00 बजे अफ्रीका एवेन्यू रोड पर भीकाजी कामा प्लेस से आरके पुरम मेट्रो स्टेशन की ओर जाते समय हुई। मुनीरका गांव निवासी 21 वर्षीय तनिष टोकस सड़क किनारे अपनी काली मोटरसाइकिल पर बैठे थे। इसी दौरान वसंत कुंज निवासी 73 वर्षीय वेणु गोपाल की कार ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी।

बाल-बाल बची युवक की जान

टक्कर लगते ही तनिष मोटरसाइकिल से नीचे गिर गए, जबकि उनकी बाइक कार के बंपर में फंसकर घसीटती चली गई। गनीमत यह रही कि तनिष खुद कार की चपेट में आने से बच गए। घटना के बाद उनका मेडिकल चेकअप कराया गया, जिसमें पुष्टि हुई कि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है।

Advertisement

मामला दर्ज, आरोपी चालक गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही आरके पुरम थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल नीले रंग की कार को जब्त कर आरोपी चालक वेणु गोपाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की मेडिकल जांच में शरीर में शराब का कोई अंश नहीं पाया गया है।

वायरल वीडियो के आधार पर जांच जारी

घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो की तकनीकी जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। बाइक कार के नीचे कैसे फंसी और हादसे के वक्त परिस्थितियां क्या थीं, इसका पूरा ब्यौरा पुलिस की अंतिम जांच रिपोर्ट के बाद ही साफ हो पाएगा।         

Advertisement

ये भी पढ़ें - 'बाप रे! iPhone 18 Pro के लिए ऐसा दीवानगी... 3 लाख का फोन खरीदने के लिए दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु में आधी रात से Apple Store के बाहर लगी लंबी लाइनें                  

Published By:
 Aarya Pandey
पब्लिश्ड