दिल्ली-NCR में अचानक बदला मौसम, आसमान से बरसती आग के बाद धूल भरी आंधी का कहर; 4 दिनों तक बारिश का भी अलर्ट- VIDEO
दिल्ली-NCR में अचानक मौसम बदल गया और तेज धूल भरी आंधी आ गई। मौसम विभाग ने पहले से ही तेज हवाओं और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया था। लेकिन अचानक इस तरह मौसम बदलने से भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। जानें आपके शहर में कैसा मौसम रहेगा। पढ़ें ताजा अपडेट।
- भारत
- 3 min read
Weather Update: मौसम विभाग की भविष्यवाणी सही साबित हुई और अंधेरा होते ही दिल्ली-NCR समेत आसपास के इलाकों में तेज धूल भरी आंधी शुरू हो गई। पिछले कई दिनों से जहां भीषण गर्मी और लू से लोग परेशान थे, यूं अचानक मौसम बदलने से सभी के चेहरे पर खुशी आ गई। मौसम विभाग ने आंधी तूफान के साथ (30-40 Km/h की तेज हवाएं) चलने और बारिश का अलर्ट जारी किया हुआ था। ऐसे में बारिश होने की भी संभावना है। अगर बारिश होती है तो भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
आने वाले 7 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?
पिछले कई दिनों से उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत कई हिस्सों में हीटवेट की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि कई दिनों से चलने वाली भीषण गर्मी के बाद अब मौसम का रुख बदलने वाला है। अगले 7 दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में कहीं झुलसाने वाली धूप तो कहीं गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान है।
कहां मिलेगी राहत और कहां चलेगी 'लू'?
IMD ने अपनी ताजा रिपोर्ट में बताया है कि 28 अप्रैल से उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस बदलाव से तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जो तपती गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए बड़ी राहत होगी।
हालांकि, राहत हर जगह एक साथ नहीं मिलेगी। फिलहाल उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली समेत मध्य भारत के कई हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक इन क्षेत्रों में तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की चेतावनी दी है।
Advertisement
कैसा रहेगा मौसम का हाल?
दिल्ली-NCR में अभी भी हीटवेव का असर है, तापमान 42-44°C के आसपास दर्ज किया जा रहा है। 28 अप्रैल के बाद तेज हवाओं और हल्की बारिश से राहत मिल सकती है।
- उत्तर प्रदेश और राजस्थान: बांदा और जैसलमेर जैसे इलाकों में पारा 46°C के करीब पहुंच रहा है। यहां अभी भी भीषण गर्मी का येलो अलर्ट जारी है।
- पहाड़ी राज्य (हिमाचल और उत्तराखंड): पहाड़ों पर भी इस बार असामान्य गर्मी देखी जा रही है, जहां तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है।
- पूर्वोत्तर भारत: पूर्वोत्तर के राज्यों में अगले 5 दिनों तक व्यापक बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी चेतावनी दी गई है।
बिजली की मांग में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
भीषण गर्मी के कारण देश में बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर 256.11 GW तक पहुंच गई है। कूलिंग उपकरणों के अत्यधिक उपयोग ने ग्रिड पर दबाव बढ़ा दिया है। मौसम विभाग ने नागरिकों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। पर्याप्त पानी पिएं, ओआरएस (ORS) का सेवन करें और सूती कपड़े पहनें। गर्मी के इस दौर में स्वास्थ्य का खास ध्यान रखना जरूरी है।