18 साल का हरमन पाकिस्तान के आतंकियों को भेजता था वीडियो, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने किया गिरफ्तार; बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़
Delhi Police Special Cell: दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने पाकिस्तान में बैठे शाहजाद भट्टी के आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। रामपुर के 18 साल के आरहरमंदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया हैं। जानें कैसे की गई कार्रवाई?
- भारत
- 2 min read

Pakistan Terror Module: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (ईस्टर्न रेंज) ने एक बार फिर आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर और टेररिस्ट शाहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। यह मॉड्यूल सार्वजनिक जगहों पर ग्रेनेड हमले जैसी साजिशें रचने का काम करता था, पुलिस लंबे समय से शाहजाद भट्टी के नेटवर्क पर नजर रखे हुए थी।
वीडियो बनाकर भेजते थे पाकिस्तान
पुलिस की इस कार्रवाई में 18 साल का आरहरमंदीप सिंह उर्फ हरमन को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी उत्तर प्रदेश के रामपुर का रहने वाला है। आरोपी के पास से मोबाइल फोन में पाकिस्तानी हैंडलर्स से चैट, फोटो-वीडियो और लिखने वाला काला स्प्रे पेंट बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पंजाब के होशियारपुर (तलवाड़ा) में 3 जगहों पर 'TTH' की ग्रैफिटी लिखी और वीडियो बनाकर पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं को भेजी थी।
ग्रेनेड अटैक की साजिश में भी शामिल था आरोपी
आरोपी यूपी और दिल्ली में भी इसी तरह की गतिविधियां करने की तैयारी कर रहा था। सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान से युवाओं की भर्ती हो रही थी। भर्ती के लिए पैसे और दुबई भेजने का लालच दिया जा रहा था। आरोपी रामपुर में पुलिस चौकी पर ग्रेनेड अटैक की साजिश में भी शामिल था, लेकिन गिरफ्तारी से पहले ही प्लान फेल हो गया। दिल्ली पुलिस ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से युवाओं को गलत राह पर जाने से रोका जा सकेगा। फिलहाल आगे की छानबीन जारी है।
भारत के युवाओं को निशाना बनाते हैं
बतादें शहजाद भट्टी और उसके पाकिस्तानी हैंडलर्स सोशल मीडिया के माध्यम से भारत के युवाओं को निशाना बनाते हैं। वे युवाओं के प्रोफाइल का विश्लेषण कर उन्हें गैंग में शामिल करते हैं और दूर से पूरे ऑपरेशन को नियंत्रित करते हैं। इसमें जासूसी, फाइनेंशियल लेन-देन, लॉजिस्टिक्स और टारगेट चुनना शामिल होता है।