गालीबाजों की अब खैर नहीं! संवैधानिक पदों के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट पर दिल्ली पुलिस का एक्शन, X से मांगा यूजर्स का पूरा रिकॉर्ड
दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X को नोटिस जारी कर विवादित पोस्ट/वीडियो हटाने और संबंधित यूजर्स का पूरी डिटेल्स मांगी हैं। साइबर टीम लगातार भड़काऊ पोस्ट्स पर नजर बनाए हुए है और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी है।
- भारत
- 2 min read

Delhi News: देश के शीर्ष संवैधानिक पदों को निशाना बनाकर सोशल मीडिया पर की जा रही अमर्यादित और भ्रामक टिप्पणियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पूर्व में ट्विटर) को पत्र जारी कर विवादित और अपमानजनक पोस्ट और वीडियो को तुरंत हटाने के कड़े निर्देश दिए हैं। साथ ही साथ ऐसे पोस्ट करने वालों की पूरी जानकारी भी मांग ली है।
दिल्ली पुलिस ने मांगी जानकारी
दिल्ली पुलिस ने 'X' से उन अकाउंट होल्डर की पूरी जानकारी भी तलब की है, जिसने यह कंटेंट पोस्ट किया था। पुलिस ने प्लेटफॉर्म से संबंधित यूजर का पूरा नाम, पता, संपर्क नंबर और ईमेल आईडी तुरंत साझा करने को कहा है। इसके अलावा, मामले की जांच में तेजी लाने के लिए पुलिस ने अकाउंट के लॉगिन और लॉगआउट डिटेल्स भी मांगी गई है। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई और साक्ष्यों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 'भारतीय साक्ष्य अधिनियम' (BSA) की धारा 63(4) के तहत आवश्यक इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य प्रमाणपत्र भी मांगा है।
पुलिस की यह कार्रवाई उस शिकायत के बाद आई है, जिसमें आरोप लगाया गया था कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर संवैधानिक प्रमुखों के खिलाफ "अपमानजनक, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक" सामग्री का प्रसार किया जा रहा है।
इससे पहले 27 जुलाई को भी दिल्ली पुलिस ने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा और अमर्यादित सामग्री वाले वीडियो हटाने के निर्देश दिए थे। ये विवादित पोस्ट 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शनों और 'संसद चलो' मार्च के दौरान हुई हिंसा से जुड़े बताए जा रहे हैं।
Advertisement
गौरतलब है कि NEET और CBSE परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्रों द्वारा निकाले गए 'संसद चलो' मार्च के दौरान सुरक्षाकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़पें हुई थीं। इसके बाद सोशल मीडिया पर कई तरह के आपत्तिजनक और भड़काऊ कंटेंट तेजी से वायरल होने लगे थे।
साइबर टीम रख रही है पैनी नजर
दिल्ली पुलिस के अनुसार, उनकी विशेष सोशल मीडिया निगरानी टीम (Cyber & Social Media Monitoring Cell) लगातार ऑनलाइन गतिविधियों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर नजर बनाए हुए है। जैसे ही किसी आपत्तिजनक की पहचान होती है, तो संबंधित मध्यस्थों को तुरंत कानूनी नोटिस भेजकर उस सामग्री को हटवाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब तक कई भड़काऊ और अभद्र भाषा वाले वीडियो/कमेंट प्लेटफॉर्म्स से हटाए जा चुके हैं।