अपडेटेड 9 January 2026 at 08:29 IST
दिल्ली-NCR में अचानक बदला मौसम, स्वेटर के साथ निकला छाता, प्रचंड ठंड के बीच कई इलाकों में बारिश
Delhi-NCR Rain: दिल्ली-NCR में मौसम ने एक बार फिर करवट ली। शीतलहर के बीच दिल्ली के कई इलाकों में शुक्रवार, 9 जनवरी को सुबह-सुबह बादल बरसने लगे। नोएडा में भी बारिश हुई।
- भारत
- 3 min read

Delhi-NCR Weather: दिल्ली-NCR में शुक्रवार, 9 जनवरी को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। कड़ाके के ठंड के बीच अचानक बारिश होने लगी। आज सुबह कई इलाकों में हल्की बारिश हुई, जिससे ठंड और बढ़ गई। वहीं, बारिश प्रदूषण से भी राहत दिलाने में मदद कर सकती है।
दिल्ली-NCR में कई दिनों से ठंड का प्रकोप जारी है। घने कोहरे और शीतलहर से लोगों की हालत खराब हो रही है। इस बीच अब राजधानी में बारिश ने भी दस्तक दे दी है। इससे तापमान और गिरने वाला है।
दिल्ली-NCR में सुबह-सुबह हुई बारिश
शुक्रवार सुबह-सुबह अचानक बादल बरसने लगे। दिल्ली के कई इलाकों में हल्की-हल्की बूंदाबादी हुई। नोएडा में भी सुबह-सुबह बारिश हुई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले 2 घंटों के दौरान दिल्ली के मुंडका, पश्चिम विहार, राजौरी गार्डन, बुद्ध जयंती पार्क, राष्ट्रपति भवन, राजीव चौक, जाफरपुर, नजफगढ़, द्वारका, दिल्ली कैंट, पालम, आईजीआई हवाई अड्डा और एनसीआर के बहादुरगढ़, गाजियाबाद, नोएडा में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश/बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है।
गुरुवार को दिल्ली में सीजन का सबसे सर्द दिन दर्ज किया गया। 8 जनवरी को दिल्ली के सफदरजंग में तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस और लोधी रोड पर 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
Advertisement
AQI अब भी 300 पार
बारिश के बीच भी दिल्ली की हवा जहरीली बनी हुई है। कई इलाकों में AQI 300 के पार है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार आज सुबह 8 बजे दिल्ली के आनंद विहार में AQI 388 दर्ज हुआ। अशोक विहार में AQI 329, अया नगर में 307, चांदनी चौक में 337, द्वारका में 349, आईटीओ में 309, जहांगीरपुरी में 344, मुंडका में 327, नरेला में 301, पटपड़गंज में 364, पंजाबी बाग में 333, सोनिया विहार में 316, विवेक विहार में 373 दर्ज हुआ है। वहीं, नोएडा में AQI 301, तो ग्रेटर नोएडा में 355 दर्ज हुआ। इसी तरह गाजियाबाद के लोनी में AQI 358 रहा।
IMD की चेतावनी
बता दें कि IMD ने पहले ही भारत के कई हिस्सों में बारिश की चेतावनी जारी की थी। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव की वजह से आज से कई दक्षिणी राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में अत्यधिक घना कोहरा छाने की संभावना जताई है। वहीं, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और ओडिशा के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की आशंका है।
Advertisement
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में जोरदार बारिश की आशंका है। केरल में छिटपुट भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 9 January 2026 at 08:09 IST