Viral Video: 70KM की रफ्तार से आया तूफान; IGI एयरपोर्ट पर अपने आप चलने लगी सीढ़ी, पकड़ने के लिए स्टॉफ ने लगाई दौड़, फिर जो हुआ...
Delhi Airport Storm Video: दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर अचानक आए तेज तूफान और बारिश का एक खौफनाक वीडियो सामने आया है। तेज हवाओं के कारण ग्राउंड सपोर्ट उपकरण और सीढ़ियां अपने आप चलने लगीं और तीन खड़े विमानों से टकरा गईं।
- भारत
- 3 min read

Delhi Airport Storm Video Viral: देश के सबसे व्यस्त एविएशन हब, दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर रविवार शाम अचानक आए भीषण तूफान, तेज हवाओं और भारी बारिश ने भारी तबाही मचाई। इस खराब मौसम के दौरान एयरपोर्ट परिसर में एक हैरान कर देने वाला वाकया देखने को मिला, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
तेज आंधी के कारण रनवे पर रखी यात्रियों के चढ़ने-उतरने वाली भारी-भरकम सीढ़ी (Stepladder) और अन्य ग्राउंड सपोर्ट इक्विपमेंट (जमीनी सहायता उपकरण) हवा के झोंकों से अपने आप चलने लगे और वहां पार्क किए गए विमानों से जा टकराए। इस हादसे में एयर इंडिया के 3 विमानों को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
टर्मिनल 2 के पास उड़ने लगे ग्राउंड उपकरण
यह पूरी घटना रविवार शाम करीब 4:40 बजे IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 के पास बनी पार्किंग बे (Parking Bays) में हुई। अचानक आए तेज तूफान के कारण एयरपोर्ट एप्रन पर खड़े जमीनी सहायता उपकरण अपनी जगह से उखड़ गए। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बे 206 (Bay 206) में एयर इंडिया का एक नैरो-बॉडी विमान खड़ा था, जिसकी तरफ हवा में उड़ती हुई यह सीढ़ी तेजी से लुढ़की और सीधे विमान से टकरा गई।
इस दौरान मची अफरा-तफरी के बीच एयर इंडिया के तीन खड़े विमान इन उपकरणों की चपेट में आ गए। गनीमत यह रही कि उस वक्त पार्किंग बे में कोई स्टाफ मौजूद नहीं था, जिससे किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
Advertisement
जांच के लिए सेवा से हटाए गए विमान
इस घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइंस की सुरक्षा तैयारियों पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले से जुड़े सूत्रों का दावा है कि इस अचानक आए तूफान को लेकर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) या मौसम विभाग की तरफ से एयरलाइंस या एयरपोर्ट ऑपरेटर को कोई भी अग्रिम या समय पर चेतावनी नहीं मिली थी।
हालांकि आधिकारिक तौर पर नुकसान की कुल सीमा का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन एहतियात के तौर पर तीनों प्रभावित विमानों को तुरंत सेवा से हटा दिया गया है। वर्तमान में टेक्निकल और इंजीनियरिंग टीमें विमानों को पहुंचे नुकसान का विस्तृत आकलन कर रही हैं, और DGCA भी इस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर सकता है।