Delhi Election: 'कौन चढ़ेगा घोड़ी' पर मनोज तिवारी का पलटवार-केजरीवाल दिल्ली को घोड़ी समझते हैं और हम मां, गाने से देंगे जवाब
AAP ने पोस्टर जारी कर भाजपा से सवाल किया था कि 'घोड़ी चढ़ेगा कौन'? अब इसे लेकर मनोज तिवारी ने तीखा पलटवार किया है।
- भारत
- 3 min read

Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी में वार-पलटवार का दौर तेज हो गया है। बीते समय में AAP ने पोस्टर जारी कर भाजपा से सवाल किया था कि 'घोड़ी चढ़ेगा कौन'? अब इसे लेकर मनोज तिवारी ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली को जो घोड़ी समझते हैं हमें उन्हें जवाब देना है। भारतीय जनता पार्टी के लिए दिल्ली घोड़ नहीं बल्कि मां है।
दरअसल, बीते दिनों में आम आदमी पार्टी ने एक पोस्टर जारी किया था जिसमें बारात निकलते तस्वीर दिखाई गई थी। इसमें घोड़ी तो थी लेकिन उस पर दूल्हा सवार नहीं था। इस पोस्टर के जरिये 'आप' ने तंज कसते हुए भाजपा से दिल्ली का मुख्यमंत्री घोषित किए जाने को लेकर सवाल पूछा था।
हमारे लिए दिल्ली घोड़ी नहीं मां है- मनोज तिवारी
वहीं इसे लेकर अब मनोज तिवारी ने बताया कि बीजेपी गाने के जरिये आम आदमी पार्टी को करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि 'मैं एक लाइन पर बहुत व्यथित हूं जब से मैंने देखा है आम आदमी पार्टी का पोस्टर कि कौन चढ़ेगा घोड़ी। दिल्ली को जो घोड़ी समझते हैं हमें जवाब देना होगा उनको क्योंकि दिल्ली हमारे लिए घोड़ी या दुल्हन नहीं हमारे लिए मां है। बीजेपी के लिए दिल्ली मां है। हमें विश्वास है कि दिल्ली में बीजेपी सरकार बनाएगी।'
बीजेपी नेता ने कहा कि जेपी नड्डा, 'अनुराग ठाकुर और अमित शाह ने संकल्प पत्र में कई वादे पहली बार किए। कल 29 तारीख को पीएम मोदी उत्तर पूर्वी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली में आ रहे हैं। कई ऐसी चीजें हैं जो हम गीतों के जरिये बताएंगे।'
Advertisement
'भाजपा दिल्ली में' बीजेपी का कैंपेन सॉन्ग रिलीज
भारतीय जनता पार्टी दिल्ली में आगामी विधानसभा चुनावों के चलते इससे पहले भी कैंपेन सॉन्ग लॉन्च कर चुकी है। हाल ही में कैंपेन सॉन्ग'भाजपा दिल्ली में' रिलीज किया। इस सॉन्ग में बीजेपी के अपने संकल्प पत्र में किए गए वादों का जिक्र किया गया है। गाने में बताया गया है कि अगर राजधानी में भाजपा की सरकार बनती है तो दिल्ली की जनता को क्या-क्या और कौन-कौन सी योजनाओं का लाभ मिलेगा।
दिल्ली में 5 फरवरी को चुनाव
बता दें कि दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनावों के लिए सभी 70 सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं 8 फरवरी को नतीजें आएंगे।