यमुना के पानी पर बढ़ी सियासत, केजरीवाल के जहर वाले बयान पर बरसे CM सैनी, कहा- तुरंत माफी मांगे वरना मुकदमा...
CM सैनी ने केजरीवाल को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वो अपने बयान के लिए हरियाणा और दिल्ली के लोगों से तुरंत माफी मांगे वरना हम उनके खिलाफ मुकदमा करेंगे।
- भारत
- 3 min read

दिल्ली विधानसभा चुनाव में अब यमुना के पानी को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा सरकार पर यमुना का पानी जहरीला करने का आरोप लगाया। अब इसे लेकर सियासत तेज हो गई है। दोनों राज्यों की सरकार आमने-सामने आ गई हैं। AAP के आरोपों पर पलटवार करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि वो केजरीवाल पर मानहानि का मुकदमा करेंगे।
CM सैनी ने केजरीवाल को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वो अपने बयान के लिए हरियाणा और दिल्ली के लोगों से तुरंत माफी मांगे वरना हम उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे। सीएम सिंह AAP पर पलटवार करते हुए कहा कि केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड के इंजीनियरों ने दिल्ली में आने वाले पानी को रोक दिया क्योंकि उन्हें पता चला कि इसमें जहर है। मैं अरविंद केजरीवाल से पूछना चाहता हूं कि यह किस दिन हुआ। इंजीनियरों ने कैसे निष्कर्ष निकाला कि इसमें ज़हर है?
युमना के पानी पर सियासत तेज
हरियाणा सीएम ने आगे कहा,जल बोर्ड के इंजीनियरों को बताना चाहिए कि क्या और कितने टन जहर मिलाया गया था। सीमा पर पानी कैसे रोका गया? क्या कोई गेट बनाया गया था? इसे बनाने में कितना समय लगा और इसकी लागत कितनी थी? जो पानी उन्होंने रोका वह कहां गया? इस जहरीले पानी के कारण कितनी मछलियां मर गईं? अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सस्ती राजनीति में उनका कोई मुकाबला नहीं है।
केजरीवाल पर मानहानि का केस करेंगे-सैनी
केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए CM सैनी ने कहा कि AAP के मुखिया ने उस धरती का अपमान किया जहां वे पैदा हुए थे। हरियाणा के लोग यमुना को पवित्र नदी मानते हैं और इसकी पूजा करते हैं। हरियाणा के लोग नदी के पानी में जहर क्यों मिलाएंगे? अरविंद केजरीवाल ने 2020 में वादा किया था कि अगर यमुना साफ नहीं हुई तो वे वोट मांगने नहीं आएंगे। वे इस वादे को पूरा नहीं कर सके और अब वे दिल्ली के लोगों को गुमराह कर रहे हैं। ऐसा लगता है कि वे अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। अब अपने बयान के लिए केजरीवला को हरियाणा और दिल्ली की जनता से माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा हम उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे।