Delhi Building Collapse: सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे में मरने वालों की संख्या हुई दो, स्पॉट पर CM रेखा; अमित शाह ने रद्द किया गोवा कार्यक्रम
साउथ-वेस्ट दिल्ली के सत्य निकेतन के पास रविवार को चार मंजिला बिल्डिंग अचानक गिर गई। हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है।
- भारत
- 3 min read

साउथ-वेस्ट दिल्ली के सत्य निकेतन के पास रविवार को चार मंजिला बिल्डिंग अचानक गिर गई। हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। अब तक 6 लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया है। सूत्रों से जो जानकारी मिल रही है उसके मुताबिक इस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। जबकि दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, बिल्डिंग के मालिक की पहचान आनंद बंसल के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम में रहता है। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आनंद बंसल के तीन से चार PG संचालित होते हैं। हादसे वाली बिल्डिंग में करीब 10 कमरों का PG चल रहा था। हादसे के दौरान इमारत के जोरदार झटके से सटी हुई पड़ोसी इमारत भी एक तरफ झुक गई, जिसके बाद सुरक्षा के लिहाज से आसपास के पूरे इलाके और इमारतों को तुरंत खाली कराया गया है।
सीएम रेखा गुप्ता, LG तरनजीत सिंह संधू मौके पर
हादसे की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। उन्होंने मौके पर चल रहे राहत और बचाव अभियान का जायजा लिया। आपको बता दें कि इससे पहले मुख्यमंत्री ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा था कि संबंधित एजेंसियां युद्ध स्तर पर बचाव कार्य में जुटी हैं। प्रशासन की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और प्रभावित लोगों को तत्काल मदद पहुंचाना है।
Advertisement
गृह मंत्री अमित शाह ने भी जताया दुख
गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट में कहा, दिल्ली के सत्य निकेतन में एक इमारत के ढहने से बहुत दुख हुआ है। मैंने मुख्यमंत्री, दिल्ली के पुलिस कमिश्नर और NDRF के डायरेक्टर जनरल से बात की और जमीनी हालात का जायजा लिया। स्थानीय प्रशासन और NDRF मिलकर तेजी से बचाव कार्य कर रहे हैं। घायलों को हर जरूरी मेडिकल मदद दी जा रही है। मैं सभी घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। हादसे की भयावहता को देखते हुए अमित शाह ने गोवा में अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया है।
Advertisement
'हर जिंदगी बचाना पहली प्राथमिकता', सत्य निकेतन हादसे पर बोले कैबिनेट मंत्री परवेश वर्मा
निकेतन में हुए दर्दनाक हादसे पर दिल्ली के मंत्री परवेश साहिब सिंह ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि NDRF, दिल्ली फायर सर्विसेज, दिल्ली पुलिस, DDMA, MCD, CATS और सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीमें मौके पर मुस्तैदी से जुटी हैं और मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं। सुरक्षा के लिहाज से पास की इमारत को खाली करा लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस वक्त हमारी पहली प्राथमिकता लोगों की जान बचाना और राहत पहुंचाना है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।