Delhi: रेखा सरकार खोलेगी AAP का 'काला चिट्ठा', 24 फरवरी से दिल्ली विधानसभा का पहला सत्र, CAG की रिपोर्ट होगी पेश
Delhi Vidhansabha Session Date Announce: दिल्ली की नई सरकार का पहला विधानसभा सत्र 24 फरवरी से शुरू होने जा रहा है, 3 दिन तक चलेगा और 27 फरवरी को खत्म होगा।
- भारत
- 3 min read

Delhi Vidhansabha Session Date Announce: दिल्ली की नई सरकार का पहला विधानसभा सत्र 24 फरवरी से शुरू होने जा रहा है, 3 दिन तक चलेगा और 27 फरवरी को खत्म होगा। सत्र के पहले दिन नए विधायकों का शपथ ग्रहण होगा और तीसरे दिन कैग (CAG) की 14 रिपोर्ट सदन में पेश की जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पहली कैबिनेट बैठक में ही CAG रिपोर्ट को सदन में रखने का निर्णय लिया। इसके अलावा, सरकार ने दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना लागू करने और सड़कों, जल आपूर्ति और यमुना की सफाई को लेकर तेजी से काम शुरू करने का ऐलान भी किया है।
दिल्ली में सरकार गठन हो चुकी है। मुख्यमंत्री सहित कुल 6 मंत्रियों को सरकार में शामिल किया गया है। रेखा सरकार दिल्ली विधानसभा के पहले सत्र में CAG की रिपोर्ट पेश करेगी। ऐसे में आने वाले दिनों में अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया जैसे AAP के दिग्गज नेताओं की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। गौरतलब है कि पीएम मोदी ने दिल्ली चुनाव में जीत के बाद कहा था कि पहले विधानसभा सत्र के दौरान CAG रिपोर्ट पेश होगी और सभी भ्रष्ट्राचार पर जांच बिठाई जाएगी।
रेखा कैबिनेट की पहली बैठक के बाद ये ऐलान
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ऐलान किया है कि राजधानी में जल्द ही आयुष्मान भारत योजना लागू की जाएगी। उन्होंने कहा, 'हमने कल की कैबिनेट बैठक में इस योजना को मंजूरी दे दी है। बहुत जल्द दिल्ली के लोग इसका लाभ उठा सकेंगे।' इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने PWD और जल बोर्ड के अधिकारियों की बैठक बुलाई और राजधानी में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि जनता को मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से जल्द राहत मिलेगी।
नई सरकार के सामने फिलहाल जो 3 प्रमुख चेलैंज हैं उनमें यमुना की सफाई, हर घर को 24 घंटे साफ पीने का पानी और दिल्ली की सड़कों की मरम्मत। इन्हीं 3 चैलेंज को दिल्ली की नई सीएम और उनकी कैबिनेट पूरा करने में जुट गई हैं। यमुना की सफाई का अभियान तो बीजेपी ने दिल्ली जीतते ही शुरु कर दिया था और शपथ लेने के बाद रेखा सरकार की कैबिनेट ने भी अपने कामकाज की शुरुआत यमुना आरती के साथ की है।
Advertisement
सीएजी रिपोर्ट सदन में की जाएगी पेश-CM रेखा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि, 'बैठक में जो दूसरा बड़ा फैसला है वो है सीएजी रिपोर्ट को लेकर। 14 रिपोर्ट्स पेंडिंग हैं जो पिछली सरकार ने पेश नहीं की। पहला ही हाउस जो होगा उसमें उन रिपोर्ट्स को पेश किया जाएगा। इसके अलावा जो भी हमारी कमिटमेंट्स है उस पर जल्द से जल्द फैसला लिया जाएगा।' इसी तरह कई अहम मुद्दों पर चर्चा करते हुए रेखा सरकार का पहला दिन गुजर गया।