महिलाओं के लिए खुशखबरी, CM रेखा गुप्ता ने लॉन्च किया 'लक्ष्मी योजना' पोर्टल; हर महीने 2500 रुपए पाने के लिए ऐसे करें अप्लाई
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रक्षाबंधन से पहले दिल्ली की महिलाओं को बड़ी खुशखबरी दी है। उन्होंने 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' के रजिस्ट्रेशन पोर्टल का औपचारिक शुभारंभ कर दिया है।
- भारत
- 3 min read

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को पूर्वी दिल्ली जिला मजिस्ट्रेट (DM) कार्यालय से 'दिल्ली लक्ष्मी योजना' के रजिस्ट्रेशन पोर्टल का औपचारिक शुभारंभ किया। इसके साथ ही योजना के तहत पात्र महिलाओं के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है। रक्षाबंधन से पहले दिल्ली की महिलाओं को मुख्यमंत्री ने बड़ी खुशखबरी दी है। लक्ष्मी योजना पोर्टल लॉन्च होने के बाद अब पात्र महिलाएं आवेदन कर सकेंगी और प्रक्रिया पूरी करके रक्षाबंधन पर ₹2,500 की पहली किस्त ले सकेंगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस मौके पर कहा, दिल्ली लक्ष्मी योजना दिल्ली की बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने इस योजना के लिए 5100 करोड़ रुपये का बजट रखा है, जिससे 17 लाख से अधिक बहनें लाभान्वित हो सकेंगी। रेखा गुप्ता ने कहा कि आज पोर्टल शुरू होने के साथ ही लगभग 500 बहनों ने सफलतापूर्वक अपना फॉर्म भर दिया है।
दिल्ली लक्ष्मी योजना को लेकर सीएम ने क्या कहा?
रेखा गुप्ता ने आगे कहा, " आज हम सभी के लिए बहुत ही खुशी का अवसर है। दिल्ली की बहनों के लिए जो संकल्प हमने सरकार बनाते हुए लिया था, वो आज सिर्फ डेढ़ साल की अल्प अवधि में ही पूरा कर लिया। सरकार की तरफ से दिल्ली लक्ष्मी योजना, जो दिल्ली की बहनों के लिए एक आर्थिक सामर्थ्य प्राप्त करने की योजना है, जिसमें उन जरूरतमंद बहनों के लिए 2,500 रुपए महीने दिए जाएंगे।
पात्र महिलाओं को नकद राशि सीधे हाथ में नहीं दी जाएगी। उन्हें दो विकल्प दिए गए हैं-
पहला विकल्प-
Advertisement
- हर महीने 1000 रुपये सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) वॉलेट में भेजे जाएंगे, जिनका उपयोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए किया जा सकेगा।
- शेष 1500 रुपये रिकरिंग डिपॉजिट (RD) या फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में जमा किए जाएंगे।
दूसरा विकल्प-
- पूरी 2500 रुपये की राशि RD या FD खाते में जमा कराने का विकल्प। इससे लंबी अवधि में ब्याज सहित अधिक बचत हो सकेगी।
कैसे करें पोर्टल पर आवेदन
लाभार्थियों को रक्षाबंधन के अवसर पर यानि 28 अगस्त को योजना की पहली किस्त जारी की जाए। सभी पात्र महिलाएं आधिकारिक पोर्टल https://dly.delhi.gov.in पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन कर सकती हैं। 1 अगस्त से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पात्र महिलाओं को पोर्टल पर जाकर आवेदन फार्म भरना होगा। जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और सबमिट पर क्लिक करें। आवेदन फार्म की PDF सेव करें और उसका प्रिंट रख लें।
Advertisement
किन दस्तावेजों की होगी जरूरत
दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए आवेदन करते समय महिलाओं को कुछ जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे,जिसमें आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, संबंधित विधायक या सांसद की अनुशंसा पत्र और आय प्रमाण पत्र शामिल है। सभी दस्तावेज सही और अपडेट होने पर आवेदन प्रक्रिया आसान होगी।
किन-किन महलाओं को नहीं मिलेगा लाभ
बता दें कि इस योजना का लाभ केवल उन महिलाओं को मिलेगा जिनकी आयु 21 से 60 वर्ष के बीच हो, परिवार की वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये तक हो और तीन से अधिक बच्चे न हों। तीन से ज्यादा बच्चों वाली महिलाएं पात्र नहीं होंगी। वो महिलाओं जिनके परिवार की सालाना बिजली की खपत 2400 यूनिट से अधिक है और जिनके पास चार पहिया वाहन हैं, उन्हें भी इस योजना के दायरे से बाहर रखा जाएगा।