रेखा गुप्ता सरकार ने बदल डाली दिल्ली! यमुना की सफाई, पीने का पानी, सड़क... आम आदमी की जरूरतों पर कितना फोकस?
मंत्री आशीष सूद कहते हैं कि हम दिल्ली को लंदन पेरिस बनाने के लिए बजट नहीं लाए। हम वही दिल्ली बनाने के लिए आए हैं, जिसको दिलवालों की दिल्ली कहा जाता था।
- भारत
- 4 min read

Delhi News: जब दिल्ली की कमान रेखा के हाथ है तो राष्ट्रीय राजधानी में विकास की रेखा भी खींची जा रही है। 27 साल के बाद बीजेपी को दिल्ली में सत्ता मिली है। इसमें कोई दोराय नहीं है कि बीजेपी इस कार्यकाल को यादगार बनाने के भरपूर प्रयास करेगी। ठीक उसी दिशा में रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार फिलहाल आगे बढ़ती दिख रही है। इसमें बीजेपी की सरकार ध्यान सबसे पहले आम आदमी पर सीधा असर करने वाली समस्याओं के समाधान पर है, जैसे कि पीने का पानी और सड़कों की मरम्मत। इससे जनता को दिल्ली में ना सिर्फ विकास होता दिखेगा, बल्कि साफ पानी मिलने पर उनके दिल को भी ठंडक पहुंचेगी।
हालिया दिनों में कुछ तस्वीरें आईं। खुद भारतीय जनता पार्टी आए दिन दिल्ली में होते विकास की तस्वीरें साझा करती है। इन तस्वीरों में दिल्ली ने ना सिर्फ यमुना की सफाई होते देखी है, बल्कि रात-रात भर राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों को ठीक करने का काम देखा गया है। इसी हफ्ते दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल वीके सक्सेना को वजीराबाद में यमुना नदी के सफाई अभियान का जायजा भी लिया। यमुना की सफाई के लिए 22 नालों की गाद निकालने का काम लगातार किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को सफाई कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश जा चुके हैं।
दिल्ली के मंत्री अपने विभागों में एक्टिव
दिल्ली के दूसरे मंत्री भी अपने अपने विभागों के कामों में तेजी से सुधार ला रहे हैं। दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा राष्ट्रीय राजधानी में सड़कों पर पूरा ध्यान दे रहे हैं। प्रवेश वर्मा अपने एक बयान में कहते हैं कि हम मानसून आने से पहले जितनी संभव हो सके, उतनी सड़कें बनाने की कोशिश कर रहे हैं। हम पूरी दिल्ली में ऐसी कोई सड़क नहीं छोड़ेंगे, जहां धूल-मिट्टी उड़ेगी।
दिल्ली के मंत्री आशीष सूद अपने एक बयान में कहते हैं कि हम दिल्ली को लंदन पेरिस बनाने के लिए बजट नहीं लाए। हम वही बजट दिल्ली को वो दिल्ली बनाने के लिए लाए हैं, जिसको दिलवालों की दिल्ली कहा जाता था। उसी तरह मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा और दूसरे दिल्ली सरकार के मंत्री अपने-अपने विभागों के कामों को युद्ध स्तर पर आगे बढ़ा रहे हैं, जो दिल्ली में सतही तौर पर दिखाई पड़ रहा है।
Advertisement
रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार की समीक्षा बैठक
एक दिन पहले दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सरकार की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। इसमें डार्क स्पॉट्स, ट्रैफिक, शेल्टर होम्स, जलभराव, प्रदूषण नियंत्रण जैसे मुद्दों पर बड़े फैसले लिए गए। जानकारी सामने आई कि दिल्ली के 4000 डार्क स्पॉट्स रोशन होंगे। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए 233 ट्रैफिक कंजेशन पॉइंट्स चिन्हित किए जा चुके हैं। इसके समाधान के लिए संबंधित विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश भी जा चुके हैं। सभी जिलों के डीएम और एसडीएम को शेल्टर होम्स का नियमित दौरा करने के निर्देश हैं। दिल्ली के 445 चिन्हित जलभराव क्षेत्रों का समाधान 15 दिनों के भीतर करने के निर्देश हैं।