BRICS Summit को लेकर दिल्ली पुलिस मुख्यालय में इंटरस्टेट कॉर्डिनेशन मीटिंग हुई, पड़ोसी राज्यों के साथ सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान पर चर्चा की गई
BRICS Summit 2026: दिल्ली में 11 से 13 सितंबर 2026 तक होने वाले BRICS Summit को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक मैनेजमेंट को मजबूत करने के लिए आज दिल्ली पुलिस मुख्यालय में इंटर-स्टेट कोऑर्डिनेशन मीटिंग हुई।
- भारत
- 3 min read

साहिल भांबरी
दिल्ली में 11 से 13 सितंबर 2026 तक होने वाले BRICS Summit को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक मैनेजमेंट को मजबूत करने के लिए आज दिल्ली पुलिस मुख्यालय में इंटर-स्टेट कोऑर्डिनेशन मीटिंग हुई। बैठक का मकसद समिट के दौरान किसी भी तरह की परेशानी या घटना को रोकना और दिल्ली के साथ-साथ आसपास के राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर तालमेल बनाना था।
बैठक की अध्यक्षता दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने की। इसमें हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी शामिल हुए। दिल्ली पुलिस की लॉ एंड ऑर्डर, स्पेशल सेल, ट्रैफिक, सिक्योरिटी, क्राइम, ट्रांसपोर्ट और इंटेलिजेंस यूनिट के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया। बॉर्डर चेकिंग से संदिग्ध लोगों की निगरानी तक, कई मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ सुरक्षा से जुड़े इनपुट साझा किए गए। खासतौर पर दिल्ली की सीमाओं पर चेकिंग बढ़ाने, संदिग्ध लोगों और वाहनों की पहचान व वेरिफिकेशन करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को लेकर चर्चा हुई। इसके अलावा खुले इलाकों से ड्रोन और दूसरे उड़ने वाले ऑब्जेक्ट्स की आवाजाही पर भी खास ध्यान देने की बात कही गई। समिट के दौरान किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन की अनधिकृत आवाजाही को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने पर जोर दिया गया।
Advertisement
दिल्ली में ट्रैफिक प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं
BRICS Summit के दौरान दिल्ली में कई जगहों पर ट्रैफिक प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। बैठक में इन प्रतिबंधों और बॉर्डर पर अनधिकृत प्रवेश रोकने की तैयारियों को लेकर पड़ोसी राज्यों के अधिकारियों के साथ प्लान साझा किया गया। दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने कहा कि समिट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा, लेकिन आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसका भी पूरा ध्यान रखा जाए।
मीडिया के जरिए जागरूकता फैलाने पर जोर दिया
उन्होंने ट्रैफिक प्रतिबंधों की जानकारी लोगों तक पहले से पहुंचाने के लिए प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया और FM रेडियो के जरिए ज्यादा से ज्यादा जागरूकता फैलाने पर जोर दिया।
Advertisement
बैठक में NCR के पुलिस अधिकारियों से भी अपने-अपने इलाकों में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करने को कहा गया। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि ऐसे वाहन जो अपने गंतव्य की ओर नहीं जा रहे हैं। साथ ही, आम लोगों के लिए बनाए जाने वाले वैकल्पिक रास्तों पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग न हो, यह सुनिश्चित करने को भी कहा गया, ताकि ट्रैफिक सुचारू रूप से चलता रहे।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने पड़ोसी राज्यों की पुलिस से पहले मिले सहयोग और तालमेल की सराहना की और BRICS Summit के दौरान भी इसी तरह मिलकर काम करने की उम्मीद जताई।