अपडेटेड 15 July 2024 at 22:55 IST

200 सरकारी बंगलों में कुंडली मारकर बैठे पूर्व सांसद, लुटियंस दिल्ली के बंगले खाली करने को भेजा नोटिस

नियमों के अनुसार पूर्व सांसदों को लोकसभा भंग होने के एक महीने में अपने सरकारी बंगले खाली करने होते हैं। आवास खाली नहीं होने पर लपूर्वक बेदखली हो कराई जा सकती है

Follow : Google News Icon  
Over 200 ex-MPs served eviction notices for overstaying official bungalows: Sources
200 सरकारी बंगलों में कुंडली मारकर बैठे पूर्व सांसद | Image: PTI/ Representational

नयी दिल्ली, 15 जुलाई (भाषा) लोकसभा के 200 से अधिक पूर्व सदस्यों को लुटियंस दिल्ली में आवंटित सरकारी बंगलों को खाली करने के नोटिस जारी किए गए हैं। केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पूर्व सांसदों को सार्वजनिक परिसर (अनधिकृत कब्जाधारियों से बेदखली) अधिनियम के तहत ये नोटिस जारी किए गए हैं।

नियमों के अनुसार पूर्व सांसदों को पिछली लोकसभा के भंग होने के एक महीने के भीतर अपने सरकारी बंगले खाली करने होते हैं। सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘अब तक 200 से अधिक पूर्व सांसदों को निर्धारित समय से अधिक समय तक रहने के कारण बंगले खाली करने का नोटिस जारी किया गया है। उन्हें जल्द से जल्द अपने सरकारी बंगले खाली करने को कहा गया है। अन्य पूर्व सांसदों को नोटिस भेजने की प्रक्रिया चल रही है।’’

बलपूर्वक होगी बेदखली की कार्रवाई

सूत्रों ने बताया कि यदि वे शीघ्र ही अपने सरकारी आवास खाली नहीं करते तो अधिकारियों की टीम शीघ्र ही ‘‘बलपूर्वक बेदखली’’ के लिए भेजी जाएंगी। लोकसभा सचिवालय सांसदों को आवास उपलब्ध कराता है, वहीं आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय (एचयूए) केंद्रीय मंत्रियों को लुटियंस दिल्ली में बंगले आवंटित करता है। यदि पूर्व मंत्री और पूर्व सांसद निर्धारित समयावधि के भीतर अपने सरकारी बंगले खाली नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ बेदखली की कार्यवाही शुरू की जाती है।

स्मृति ईरानी ने खाली किया बंगाला 

इस बीच, एक अन्य सूत्र ने बताया कि केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर को 83 लोधी एस्टेट स्थित बंगला आवंटित किया गया है, जो पहले एक पूर्व केंद्रीय सूचना आयुक्त के पास था। एक सूत्र ने बताया कि अभी तक किसी भी पूर्व केंद्रीय मंत्री को निर्धारित अवधि से अधिक समय तक रहने के कारण बेदखली का नोटिस जारी नहीं किया गया है। स्मृति ईरानी सहित चार से अधिक पूर्व केंद्रीय मंत्रियों ने अब तक लुटियंस दिल्ली स्थित अपने सरकारी बंगले खाली कर दिये हैं।

Advertisement

स्मृति ने इस महीने की शुरुआत में लुटियंस दिल्ली में 28 तुगलक क्रिसेंट स्थित अपना सरकारी बंगला खाली कर दिया था। उन्हें हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में अमेठी लोकसभा सीट से कांग्रेस नेता किशोरी लाल शर्मा से 1.5 लाख से अधिक मतों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था।

ये भी पढ़ें: योगी राज में तौकीर रजा का भड़काऊ ऐलान- 'इस तारीख को हिंदू लड़के लड़कियों का करवाएंगे धर्म परिवर्तन'

Advertisement

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 15 July 2024 at 22:55 IST